मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता शक्ति कपूर अपनी मौत की फर्जी खबरों को लेकर नाराज हो गए हैं। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर उनके निधन की अफवाहें वायरल हो रही थीं, जिसके बाद अभिनेता ने खुद सामने आकर इन खबरों का खंडन किया है।
वीडियो जारी कर दिया जवाब
शक्ति कपूर ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए कहा,
“मैं पूरी तरह स्वस्थ और खुश हूं। मेरी मौत की खबरें पूरी तरह फर्जी हैं। कृपया इन्हें इग्नोर करें।”
उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की अफवाहें परिवार और चाहने वालों को मानसिक तनाव देती हैं और अब वे ऐसे लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करेंगे।
अस्पताल जाने के बाद शुरू हुई थीं अफवाहें
दरअसल, कुछ समय पहले श्रद्धा कपूर के साथ अस्पताल के बाहर दिखने के बाद सोशल मीडिया पर उनके स्वास्थ्य को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई थीं। उसी के बाद से उनके निधन की झूठी खबरें फैलने लगीं।
फेक न्यूज पर जताई नाराजगी
शक्ति कपूर ने कहा कि बिना पुष्टि के इस तरह की खबरें फैलाना बेहद गलत है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसी अफवाहों पर भरोसा न करें।
हाल ही में इस फिल्म में आए थे नजर
वर्क फ्रंट की बात करें तो शक्ति कपूर हाल ही में ‘मेरे हसबैंड की बीवी’ फिल्म में नजर आए थे। फिल्म में अर्जुन कपूर, भूमि पेडनेकर और रकुल प्रीत सिंह मुख्य भूमिकाओं में थे।