मुबई - श्रद्धा कपूर करीब दो साल बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं। उनकी पिछली फिल्म ‘स्त्री 2’ (2024) सुपरहिट रही थी, जिसमें उनके अभिनय को दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों से खूब सराहना मिली थी। अब श्रद्धा अपनी नई फिल्म ‘ईठा’ (Etha) को लेकर चर्चा में हैं, जिसका हाल ही में टीजर रिलीज किया गया है।
टीजर में दिखी कहानी की झलक
फिल्म ‘ईठा’ का टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। इसकी कहानी मशहूर मराठी लावणी डांसर विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन पर आधारित बताई जा रही है। टीजर में महाराष्ट्र की लोक कला और लावणी परंपरा की झलक देखने को मिलती है, जो दर्शकों को एक अलग ही दुनिया में ले जाती है।
स्टेज से लेकर दर्द तक दिखा इमोशनल सफर
टीजर की शुरुआत संगीत वाद्ययंत्रों की आवाज से होती है और फिर दर्शक सीधे एक लावणी स्टेज पर पहुंच जाते हैं, जहां श्रद्धा कपूर के किरदार ‘ईठा’ के प्रदर्शन का इंतजार हो रहा होता है। इसके बाद कहानी बैकस्टेज जाती है, जहां उनका किरदार लेबर पेन से गुजरता हुआ दिखाई देता है, लेकिन इसके बावजूद वह दर्शकों के लिए मंच पर जाने का फैसला करती हैं। यह सीन फिल्म के इमोशनल और स्ट्रॉन्ग कैरेक्टर को दर्शाता है।
डिलीवरी के बाद भी मंच पर परफॉर्मेंस
टीजर का सबसे प्रभावशाली हिस्सा वह है, जब श्रद्धा कपूर डिलीवरी के तुरंत बाद भी मंच पर लावणी परफॉर्म करने के लिए तैयार नजर आती हैं। यह दृश्य उनके किरदार की संघर्षपूर्ण और समर्पित जीवन यात्रा को दर्शाता है। इसी वजह से टीजर को सोशल मीडिया पर काफी सराहना मिल रही है।
अनीत पड्डा ने की श्रद्धा की तारीफ
श्रद्धा कपूर के इस नए लुक और अभिनय को लेकर अभिनेत्री अनीत पड्डा ने भी उनकी खूब तारीफ की है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर श्रद्धा को टैग करते हुए लिखा कि वह उनकी परफॉर्मेंस से बेहद प्रभावित हैं और इस फिल्म को लेकर काफी उत्साहित हैं। मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बन रही ‘ईठा’ को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। टीजर देखने के बाद फैंस इसे श्रद्धा कपूर के करियर की एक और यादगार फिल्म मान रहे हैं। सोशल मीडिया पर इसे उनके सबसे दमदार और ट्रांसफॉर्मेशनल रोल में से एक बताया जा रहा है।