मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने बुधवार दोपहर मुंबई के बांद्रा फैमिली कोर्ट पहुंचकर अभिनेता के खिलाफ दायर अपनी तलाक की याचिका आधिकारिक तौर पर वापस ले ली है। अदालत से बाहर निकलते समय सुनीता अपने बेटे यशवर्धन आहूजा और वकील के साथ नजर आईं। पैपराजी द्वारा कोर्ट आने की वजह पूछे जाने पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वे जन्मदिन मनाने आई हैं। गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने याचिका वापस लिए जाने की पुष्टि की और कहा कि दोनों के बीच अब स्थिति सामान्य है।
बांद्रा कोर्ट में बेटे यशवर्धन संग दिखीं सुनीता
बुधवार को सुनीता आहूजा अपने बेटे यशवर्धन के साथ बांद्रा फैमिली कोर्ट के बाहर स्पॉट की गईं। इस दौरान मीडिया और पैपराजी ने जब उनसे अचानक कोर्ट आने का कारण पूछा, तो उन्होंने कोई सीधा जवाब न देते हुए मजाकिया अंदाज में कहा, "जन्मदिन मनाने आए हैं।" इसके तुरंत बाद वे अपनी गाड़ी में बैठकर वहां से रवाना हो गईं।
दिसंबर 2024 में दायर की गई थी याचिका
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुनीता आहूजा ने 5 दिसंबर 2024 को हिंदू विवाह अधिनियम, 1955 के तहत बांद्रा फैमिली कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। इस याचिका में उन्होंने व्यभिचार (एडल्ट्री), क्रूरता और परित्याग जैसे आधारों पर अलगाव की मांग की थी। हालांकि, याचिका वापस लिए जाने के बाद अब कानूनी विवाद समाप्त हो गया है।
गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा का बयान
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने कहा कि सुनीता जी ने अपना केस वापस ले लिया है, जो कि एक सकारात्मक बात है। उन्होंने कहा कि पारिवारिक मतभेद घर के भीतर बैठकर सुलझाए जाने चाहिए थे। अदालत तक बात जाने से सार्वजनिक रूप से छवि को नुकसान पहुंचा, लेकिन अब दोनों के बीच सब ठीक है।

सार्वजनिक बयानों से गरमाया था माहौल
तलाक की याचिका वापस लेने से पहले दोनों के बीच तनाव की खबरें सुर्खियों में थीं। गोविंदा के एक अन्य महिला के साथ नजर आने के बाद सुनीता ने उन पर तीखी टिप्पणी की थी। इसके जवाब में गोविंदा ने भी सार्वजनिक बयानों पर आपत्ति जताते हुए सुनीता को अपनी मर्यादा में रहने की सलाह दी थी।
चार दशक पुराना है दोनों का रिश्ता
गोविंदा और सुनीता की शादी मार्च 1987 में हुई थी और दोनों लगभग 40 सालों से साथ हैं। दंपति के दो बच्चे हैं—बेटी टीना आहूजा (जन्म 1989) और बेटा यशवर्धन (जन्म 1997)। बीच में मतभेदों की खबरों के बावजूद दोनों को गणेश चतुर्थी और रियलिटी शो जैसे सार्वजनिक कार्यक्रमों में साथ देखा गया था।