हैदराबाद - साउथ सुपरस्टार और अभिनेता से नेता बने विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जन नायकन' आखिरकार 23 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। कई बार रिलीज टलने और निर्माण में देरी के बाद आई इस फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। निर्देशक एच. विनोद की इस फिल्म को पहले दिन दर्शकों और समीक्षकों से मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने शानदार शुरुआत करते हुए अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा दी।
स्टारकास्ट ने बढ़ाया फिल्म का आकर्षण
'जन नायकन' में विजय के अलावा ममिता बैजू, प्रकाश राज, बॉबी देओल, गौतम वासुदेव मेनन, प्रियामणि और नारायण जैसे दमदार कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। राजनीतिक पृष्ठभूमि और एक्शन-ड्रामा से भरपूर इस फिल्म को विजय की संभावित आखिरी फिल्मों में से एक माना जा रहा है, जिससे दर्शकों की दिलचस्पी और भी बढ़ गई थी।

पहले दिन 41 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन
बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, 'जन नायकन' ने भारत में रिलीज के पहले दिन 41 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। फिल्म को देशभर में 13,067 शो मिले, जिनमें बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 48.27 करोड़ रुपये रहा, जबकि विदेशी बाजारों से फिल्म ने करीब 30 करोड़ रुपये की कमाई की।
वर्ल्डवाइड कमाई पहुंची 78 करोड़ के पार
भारत और विदेशों की कमाई को मिलाकर 'जन नायकन' ने पहले ही दिन 78.27 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन हासिल कर लिया। इस शानदार ओपनिंग के साथ फिल्म साल 2026 की सबसे बड़ी तमिल फिल्मों की शुरुआती कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हो गई है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि यदि वीकेंडपर दर्शकों की भीड़ इसी तरह बनी रही तो फिल्म पहले सप्ताह में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है।
तमिल वर्जन का रहा दबदबा
फिल्म की कमाई में सबसे बड़ा योगदान तमिल वर्जन का रहा। तमिल भाषा में फिल्म ने पहले दिन 36.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया। वहीं तेलुगु वर्जन से 2.75 करोड़ रुपये और हिंदी वर्जन से 1.75 करोड़ रुपये की कमाई हुई। सभी भाषाओं को मिलाकर फिल्म की भारत में औसत 41.6 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई, जो बड़ी रिलीज के लिहाज से काफी मजबूत मानी जा रही है।

तमिलनाडु में जश्न का माहौल
तमिलनाडु में विजय की लोकप्रियता एक बार फिर देखने को मिली। फिल्म रिलीज होते ही कई सिनेमाघरों के बाहर फैंस ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया। जगह-जगह विजय के पोस्टरों पर दूध चढ़ाया गया और आतिशबाजी भी की गई। कई थिएटरों में पहले शो से ही हाउसफुल का बोर्ड लग गया। अब सभी की नजर इस बात पर है कि 'जन नायकन' वीकेंड पर अपनी कमाई में कितना उछाल लाती है और क्या यह विजय के करियर की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल हो पाएगी।