मुंबई - अभिनेता विवेक ओबेरॉय ने अपनी आने वाली फिल्म 'रामायण' को लेकर एक ऐसा फैसला लिया है, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है। अभिनेता ने घोषणा की है कि इस फिल्म से मिलने वाली अपनी पूरी पारिश्रमिक राशि कैंसर से जूझ रहे बच्चों के इलाज और उनकी सहायता के लिए दान करेंगे।
नेक पहल से जीता लोगों का दिल
विवेक ओबेरॉय ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया है कि, उन्होंने फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा से पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि वह इस प्रोजेक्ट के लिए कोई व्यक्तिगत फीस नहीं लेना चाहते। उनकी इच्छा है कि यह पूरी राशि जरूरतमंद कैंसर पीड़ित बच्चों के इलाज पर खर्च की जाए, ताकि उनका योगदान समाज के लिए भी उपयोगी साबित हो सके।
फिल्म के विजन की जमकर तारीफ
अभिनेता ने कहा कि वह इस फिल्म के उद्देश्य और इसकी सोच से बेहद प्रभावित हैं। उनके अनुसार, निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा भारतीय संस्कृति और पौराणिक विरासत को बड़े स्तर पर दुनिया के सामने पेश करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि 'रामायण' भारतीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने वाली महत्वपूर्ण फिल्मों में शामिल हो सकती है।
निभाएंगे अहम किरदार
इस भव्य पौराणिक फिल्म में विवेक ओबेरॉय विद्युत्जिह्व की भूमिका निभा रहे हैं, जो रावण की बहन शूर्पणखा के पति का किरदार है। भले ही यह भूमिका सीमित हो,
लेकिन कहानी में इसका महत्वपूर्ण स्थान माना जा रहा है।

दमदार स्टारकास्ट से सजी है फिल्म
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' में कई बड़े सितारे नजर आएंगे। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह, रवि दुबे, अरुण गोविल और अन्य कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
समाजसेवा के लिए भी पहचाने जाते हैं विवेक
विवेक ओबेरॉय इससे पहले भी कई सामाजिक और मानवीय कार्यों से जुड़े रहे हैं। अब 'रामायण' की पूरी फीस कैंसर पीड़ित बच्चों के नाम करने के उनके फैसले की सोशल मीडिया पर जमकर सराहना हो रही है। फैंस इसे एक प्रेरणादायक कदम बताते हुए अभिनेता की तारीफ कर रहे हैं।