मुंबई - अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित मल्टी-स्टारर फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ रिलीज से पहले सेंसर बोर्ड की सख्त जांच से गुजरी है। सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने फिल्म में कुल 18 बदलाव करने के निर्देश दिए हैं। इन संशोधनों के बाद फिल्म को UA 16+ सर्टिफिकेट प्रदान किया गया है।रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म में मौजूद कुछ आपत्तिजनक और विवादित माने गए संवादों को हटाने या बदलने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा कुछ ऐसे दृश्य भी हटाए गए हैं जिन्हें सेंसर बोर्ड ने दर्शकों के लिए उपयुक्त नहीं माना।
दिशा-जैकलीन के सीन्स पर चली कैंची
फिल्म में अभिनेत्री दिशा पाटनी और जैकलीन फर्नांडिस के कुछ सेंशुअल और बिकिनी सीन्स को भी हटाया गया है। बताया जा रहा है कि करीब 10 सेकंड की अवधि वाले इन दृश्यों को फिल्म से पूरी तरह निकाल दिया गया है। साथ ही हाथों से किए गए कुछ आपत्तिजनक इशारों वाले सीन भी हटाए गए हैं। CBFC ने फिल्म में एक किरदार के नाम को लेकर भी बदलाव करवाया है। जानकारी के मुताबिक, ‘अजरुद्दीन’ नाम को बदलकर ‘अल्लाउद्दीन’ कर दिया गया है। बोर्ड का मानना था कि इससे किसी प्रकार के विवाद की संभावना कम होगी।
अब 2 घंटे 44 मिनट की रह गई फिल्म
सभी बदलावों और कट्स के बाद फिल्म की कुल अवधि 2 घंटे 44 मिनट रह गई है। मेकर्स अब फिल्म की रिलीज की तैयारियों में जुटे हुए हैं और दर्शकों को उम्मीद है कि कॉमेडी और मनोरंजन से भरपूर यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन करेगी।‘वेलकम टू द जंगल’ में अक्षय कुमार के साथ कई बड़े सितारे नजर आने वाले हैं। लंबे समय से चर्चा में रही इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह है। अब देखना दिलचस्प होगा कि सेंसर कट्स के बाद फिल्म सिनेमाघरों में कितना धमाल मचाती है।