4 मार्च को देशभर में होली का त्योहार बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। रंगों के इस पर्व में लोग एक-दूसरे को गुलाल लगाकर खुशियां बांटते हैं। इस दौरान चेहरा ही नहीं, बल्कि बाल भी रंगों से भर जाते हैं। होली खेलते समय यह सब बहुत मजेदार लगता है, लेकिन बाद में यही रंग बालों के लिए परेशानी बन सकते हैं।
दरअसल, रंगों में मौजूद केमिकल बालों और स्कैल्प को नुकसान पहुंचाते हैं। स्कैल्प में रंग फंस जाने से ड्राईनेस बढ़ जाती है, जिससे हेयर फॉल और डैंड्रफ जैसी समस्याएं होने लगती हैं। इसके अलावा बाल रूखे, बेजान और कमजोर भी हो जाते हैं। ऐसे में सिर्फ शैंपू और कंडीशनर काफी नहीं होते, बल्कि बालों को अंदर से पोषण देने की जरूरत होती है।
अगर होली के रंगों की वजह से आपके बाल भी बहुत ज्यादा रूखे और बेजान हो गए हैं तो घबराने की जरूरत नहीं है। कुछ आसान घरेलू नुस्खों की मदद से आप अपने बालों को फिर से सिल्की, स्मूद और शाइनी बना सकते हैं।
दही और नारियल तेल का हेयर मास्क
दही और नारियल तेल से बना हेयर मास्क बालों को दोबारा हेल्दी बनाने में मदद करता है। दही में मौजूद लैक्टिक एसिड बालों से गंदगी और रंगों के केमिकल को हटाने में मदद करता है, जबकि नारियल तेल बालों को गहराई से मॉइस्चराइज करता है। इसके लिए 4 बड़े चम्मच दही में 2 चम्मच नारियल तेल मिलाकर अच्छी तरह मिक्स करें। इस मिश्रण को स्कैल्प से लेकर बालों की लंबाई तक लगाएं और लगभग 30 मिनट बाद माइल्ड शैंपू से बाल धो लें। इससे बाल मुलायम और चमकदार बनते हैं।
एलोवेरा जेल और शहद
एलोवेरा बालों के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। यह स्कैल्प को ठंडक देता है और बालों को पोषण प्रदान करता है। वहीं शहद प्राकृतिक कंडीशनर की तरह काम करता है। इसके लिए 3 चम्मच ताजा एलोवेरा जेल में 1 बड़ा चम्मच शहद मिलाकर मिश्रण तैयार करें। इसे बालों और स्कैल्प पर अच्छी तरह लगाएं। यह डैमेज बालों को रिपेयर करने में मदद करता है और बालों को मुलायम बनाता है।
अंडा और जैतून तेल का हेयर मास्क
अंडा प्रोटीन का अच्छा स्रोत होता है, जो बालों को मजबूत बनाने में मदद करता है। वहीं जैतून का तेल बालों को पोषण देकर डैमेज को ठीक करने में सहायक होता है। इसके लिए एक अंडा फेंट लें और उसमें 1–2 चम्मच जैतून का तेल मिलाएं। इस मास्क को पूरे बालों पर लगाकर 20–30 मिनट तक छोड़ दें, फिर ठंडे पानी से बाल धो लें। इससे बाल पहले से ज्यादा हेल्दी, सिल्की और शाइनी हो जाते हैं।
Comments (0)