लखनऊ: उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले की मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने श्रद्धा के साथ उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर को भी हिरासत में लिया है। तीनों की गिरफ्तारी घटना के करीब 11 दिन बाद हुई है। बताया जा रहा है कि श्रद्धा और उसके साथ मौजूद दोनों लोग 50-50 हजार रुपये के इनामी आरोपी थे। पुलिस के मुताबिक, UP STF ने लोकेशन ट्रेस करने के बाद नागपुर पुलिस की मदद से एक फ्लैट में छापेमारी कर तीनों को गिरफ्तार किया। अब श्रद्धा को ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाने की तैयारी है।
नागपुर के फ्लैट से हुई श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, श्रद्धा दुबे सड़क मार्ग से आगरा होते हुए नागपुर पहुंची थी। वहां एक परिचित के फ्लैट में उसके रुकने की व्यवस्था की गई थी। श्रद्धा की लोकेशन मिलने के बाद पुलिस टीम नागपुर रवाना हुई। इसके बाद दोपहर में फ्लैट पर छापेमारी कर श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर को एक साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
बुर्के में सफर कर रही थी आरोपी
पुलिस का दावा है कि श्रद्धा दुबे अपनी बहन और ड्राइवर के साथ लगातार बुर्का पहनकर यात्रा कर रही थी, ताकि उसकी पहचान छिपी रहे। UP STF ने उसकी लोकेशन ट्रेस की और नागपुर पुलिस की सहायता से गिरफ्तारी की कार्रवाई को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि श्रद्धा दुबे गिरफ्तारी से बचने के लिए अग्रिम जमानत यानी एंटीसिपेटरी बेल लेने की कोशिश भी कर रही थी।
UP STF की मदद से मिली कामयाबी
शिवा शर्मा हत्याकांड की मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए लखनऊ पुलिस को उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) का सहयोग मिला। मंगलवार को STF को भी श्रद्धा दुबे की तलाश और गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच लखनऊ पुलिस ही आगे बढ़ाएगी। ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद श्रद्धा को नागपुर से लखनऊ लाया जाएगा।
11 दिनों से फरार थी श्रद्धा दुबे
श्रद्धा दुबे पिछले करीब 11 दिनों से फरार चल रही थी। जानकारी के मुताबिक, वह पहले नेपाल गई थी, इसके बाद लखनऊ पहुंची।लेकिन इसके बाद वह फिर से फरार हो गई। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने उसकी लोकेशन नागपुर में ट्रेस की और गिरफ्तारी कर ली।
9 अक्टूबर को चौथी मंजिल से गिरकर हुई थी शिवा शर्मा की मौत
लखनऊ के हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट में 9 अक्टूबर 2026 को कैफे संचालक शिवा शर्मा की चौथी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी। इस घटना के बाद शिवा के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी और श्रद्धा दुबे की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी। मामले को लेकर पुलिस जांच कर रही थी। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जांच में नए तथ्य सामने आने की उम्मीद है।
लखनऊ लाकर पुलिस करेगी पूछताछ
नागपुर से गिरफ्तार किए जाने के बाद श्रद्धा दुबे को ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाने की तैयारी की जा रही है। पुलिस उससे शिवा शर्मा की मौत से जुड़े घटनाक्रम, घटना के पीछे की परिस्थितियों और फरार रहने के दौरान उसकी गतिविधियों के संबंध में पूछताछ कर सकती है।