डायबिटीज के मरीजों को अपनी डाइट पर विशेष ध्यान देने की जरूरत होती है। गलत खानपान से ब्लड शुगर अचानक बढ़ सकता है, जिससे सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है। इसलिए यह जानना बेहद जरूरी है कि क्या खाया जाए और क्या नहीं। ऐसे में कुछ देसी सब्जियां डायबिटीज के मरीजों के लिए बेहद फायदेमंद मानी जाती हैं। ये सब्जियां फाइबर से भरपूर होती हैं और इनका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है, जिससे ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में मदद मिलती है। अगर आपका ब्लड शुगर लेवल अक्सर बढ़ा रहता है, तो इन सब्जियों को अपनी डाइट में जरूर शामिल करें।
डायबिटीज में फायदेमंद देसी सब्जियां
करेला
डायबिटीज में करेला सबसे प्रभावी सब्जियों में से एक माना जाता है। इसे डायबिटीज का सुपरफूड भी कहा जाता है। इसमें मौजूद पॉलीपेप्टाइड-पी और चारेंटिन तत्व प्राकृतिक इंसुलिन की तरह काम करते हैं और ब्लड शुगर को कम करने में मदद करते हैं। करेला सब्जी के रूप में या जूस बनाकर लिया जा सकता है।
मेथी और हरी पत्तेदार सब्जियां
मेथी, बथुआ और पालक जैसी हरी पत्तेदार सब्जियां ब्लड शुगर को धीरे-धीरे बढ़ने में मदद करती हैं। ये शुगर के अवशोषण की प्रक्रिया को धीमा करती हैं। इन्हें सब्जी, भुजिया या परांठे के रूप में डाइट में शामिल किया जा सकता है।
लौकी और तोरई
लौकी और तोरई में पानी की मात्रा अधिक होती है और ये कैलोरी में कम होती हैं। इन्हें पचाना आसान होता है, शरीर को हाइड्रेट रखती हैं और वजन नियंत्रित करने में भी सहायक होती हैं, जो डायबिटीज के मरीजों के लिए फायदेमंद है।
भिंडी
भिंडी में मौजूद चिपचिपा फाइबर ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में मदद करता है। डायबिटीज के मरीज भिंडी की सब्जी खा सकते हैं या भिंडी को पानी में भिगोकर उसका पानी भी पी सकते हैं।
सहजन (ड्रमस्टिक)
सहजन की फलियां और पत्तियां इंसुलिन के स्तर को बेहतर बनाने में मदद करती हैं। यह न सिर्फ ब्लड शुगर कंट्रोल करता है बल्कि हाई ब्लड प्रेशर के लिए भी लाभकारी माना जाता है।
इन बातों का रखें ध्यान
सब्जियों को ज्यादा पकाने या गलाने से बचें, क्योंकि इससे पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं। संभव हो तो सब्जियों को छिलके के साथ पकाएं। साथ ही, ज्यादा तेल और मसालों का इस्तेमाल न करें ताकि सेहत को पूरा फायदा मिल सके।
Comments (0)