भोपाल। राजधानी भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर 23 से 25 जून तक प्रस्तावित ऑनलाइन टैक्सी चालकों की हड़ताल फिलहाल टल गई है। एग्रीगेटर कंपनियों के खिलाफ मोर्चा खोल चुके टैक्सी चालकों ने तीन दिवसीय आंदोलन का ऐलान किया था, लेकिन प्रशासन द्वारा अनुमति निरस्त किए जाने के बाद हड़ताल स्थगित कर दी गई। इससे एयरपोर्ट आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।
VVIP मूवमेंट का हवाला देकर रद्द हुई अनुमति
भोपाल टैक्सी चालक संघ (भारतीय मजदूर संघ संबद्ध) के अनुसार एयरपोर्ट के गांधी नगर क्षेत्र में 23, 24 और 25 जून को धरना-प्रदर्शन की अनुमति मांगी गई थी। हालांकि प्रशासन और गांधी नगर थाना ने वीवीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया। संघ का कहना है कि वह हमेशा नियमों के तहत आंदोलन करता आया है और बिना अनुमति किसी भी प्रकार का प्रदर्शन नहीं करेगा। संगठन ने प्रशासन के फैसले पर नाराजगी जताते हुए इसे गरीब टैक्सी चालकों की आवाज दबाने का प्रयास बताया है।
एग्रीगेटर कंपनियों के खिलाफ बढ़ रहा आक्रोश
टैक्सी चालकों का आरोप है कि ऑनलाइन कैब सेवा देने वाली एग्रीगेटर कंपनियां सरकार द्वारा निर्धारित किराया दरों का पालन नहीं कर रही हैं। उनका कहना है कि कंपनियां विभिन्न प्रावधानों का हवाला देकर ड्राइवरों को तय दर से भी कम भुगतान कर रही हैं, जिससे उनकी आय लगातार प्रभावित हो रही है। संघ ने साफ किया है कि उनकी प्रमुख मांग सरकार द्वारा तय किराया व्यवस्था को सख्ती से लागू कराना है। ड्राइवरों का मानना है कि मौजूदा व्यवस्था में उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
पहले भी सौंप चुके हैं ज्ञापन
संघ के महामंत्री राजेश कुमार नागले ने बताया कि टैक्सी चालक अपनी मांगों को लेकर पहले भी कई बार प्रशासन का ध्यान आकर्षित कर चुके हैं। 7 फरवरी और 12 जून को बोर्ड ऑफिस चौराहे पर सांकेतिक धरना देकर शासन और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। उनका कहना है कि लगातार अनदेखी के कारण अब आंदोलन की राह अपनानी पड़ रही है। यदि मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जा सकता है।
दोबारा होगी आंदोलन की तैयारी
संघ ने चेतावनी दी है कि वह जल्द ही दोबारा अनुमति लेकर एग्रीगेटर कंपनियों के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेगा। संगठन का कहना है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो शहर में टैक्सी और ऑटो सेवाओं को पूरी तरह बंद करने जैसे कदम भी उठाए जा सकते हैं।
रोजाना 4,500 से ज्यादा यात्री करते हैं सफर
राजा भोज एयरपोर्ट से हर दिन बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है। अप्रैल 2026 के आंकड़ों के अनुसार एयरपोर्ट से एक महीने में 1.38 लाख से अधिक यात्रियों ने यात्रा की। औसतन प्रतिदिन करीब 4,500 यात्री एयरपोर्ट का उपयोग कर रहे हैं।
34 से 36 उड़ानों का संचालन
भोपाल एयरपोर्ट से प्रतिदिन 34 से 36 निर्धारित उड़ानें संचालित होती हैं। दिल्ली के लिए सबसे अधिक 6 से 7 उड़ानें उपलब्ध हैं, जबकि मुंबई के लिए 4 उड़ानें संचालित होती हैं। इसके अलावा बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे, रायपुर और अहमदाबाद समेत कई प्रमुख शहरों के लिए नियमित उड़ान सेवाएं उपलब्ध हैं।