भोपाल। राजधानी भोपाल के कोहेफिजा क्षेत्र स्थित लालघाटी-हलालपुर इलाके में शुक्रवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। यहां संचालित पटाखा दुकानों में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले पटाखा दुकान’ में लगी, जो देखते ही देखते आसपास की अन्य दुकानों तक फैल गई। दुकानों के अंदर रखे पटाखों में लगातार हो रहे धमाकों के कारण स्थिति और भी भयावह हो गई और आसमान में आतिशबाजी जैसी स्थिति बन गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
पेट्रोल पंप की वजह से बढ़ा खतरा
हादसे की गंभीरता इसलिए और बढ़ गई क्योंकि आग लगने वाली दुकानों के ठीक बगल में पेट्रोल पंप स्थित है। किसी भी बड़े विस्फोट को रोकने के लिए दमकल विभाग की टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आसपास के क्षेत्र और पेट्रोल पंप पर लगातार पानी की बौछार की।सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति भी तुरंत बंद कर दी गई, ताकि किसी भी तरह की अतिरिक्त दुर्घटना को रोका जा सके।
हाईवे किया गया बंद, दमकलें जुटीं आग बुझाने में
आग पर काबू पाने के लिए भोपाल नगर निगम और शहर के विभिन्न फायर स्टेशनों से दमकल वाहनों को मौके पर बुलाया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सभी फायर यूनिट्स को हाई अलर्ट पर रखा गया।सुरक्षा कारणों से प्रशासन ने इंदौर-भोपाल हाईवे पर दोनों ओर का यातायात पूरी तरह रोक दिया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
स्थिति नियंत्रण में
कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है तथा घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।