भोपाल मंडल में तत्काल टिकट लेने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए पश्चिम मध्य रेलवे ने टोकन वितरण व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। नई व्यवस्था 13 जून से सभी आरक्षण कार्यालयों में लागू कर दी गई है।
AC और Non-AC यात्रियों के लिए अलग-अलग टोकन व्यवस्था
नई प्रणाली के तहत अब एसी और नॉन-एसी श्रेणी के यात्रियों को अलग-अलग टोकन जारी किए जाएंगे। रेलवे प्रशासन का मानना है कि इस बदलाव से आरक्षण काउंटरों पर भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी और यात्रियों को टोकन प्राप्त करने में अधिक सुविधा होगी।
सुबह 8 बजे से शुरू होगा टोकन वितरण
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, दोनों श्रेणियों के टोकन प्रतिदिन सुबह 8 बजे से वितरित किए जाएंगे। यात्रियों को उनकी यात्रा श्रेणी के अनुसार टोकन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे तत्काल आरक्षण प्रक्रिया अधिक सुव्यवस्थित और पारदर्शी बन सके।
टोकन रजिस्टर में होगी पूरी एंट्री
नई व्यवस्था के तहत सभी आरक्षण कार्यालयों में टोकन वितरण का रिकॉर्ड अनिवार्य रूप से रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा। इसमें प्रत्येक टोकन नंबर के साथ यात्री का नाम भी शामिल होगा। इससे व्यवस्था पर निगरानी आसान होगी और किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सकेगा।
रेलवे का दावा – यात्रियों का समय होगा बचत
रेलवे ने उम्मीद जताई है कि इस नई व्यवस्था से यात्रियों का समय बचेगा और तत्काल टिकट बुकिंग प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी होगी।