भोपाल: मध्यप्रदेश के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्रदेश में पहली बार महिला एशियन हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन होने जा रहा है। भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 19 नवंबर से इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट का आगाज होगा। इसमें भारत, चीन, जापान, मलेशिया, थाईलैंड और दक्षिण कोरिया की महिला हॉकी टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट के लिए 15 नवंबर से विदेशी टीमों का भोपाल पहुंचना शुरू हो जाएगा। आयोजन में 200 से ज्यादा विदेशी खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ के आने की तैयारी है। खास बात यह है कि दर्शक सभी मुकाबले बिना टिकट के देख सकेंगे।
6 देशों की महिला हॉकी टीमों के बीच होंगे मुकाबले
महिला एशियन चैंपियनशिप में एशिया की छह टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें भारत, चीन, जापान, मलेशिया, थाईलैंड और दक्षिण कोरिया शामिल हैं।19 नवंबर से शुरू होने वाले मुकाबले डे-नाइट फॉर्मेट में खेले जाएंगे। विदेशी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के ठहरने के लिए भोपाल के प्रमुख फाइव स्टार होटलों में व्यवस्था की गई है।
शहर के प्रमुख चौराहों पर हॉकी स्टिक के बड़े कटआउट लगाए जाएंगे। इसके अलावा दर्शकों में उत्साह बढ़ाने के लिए ट्रॉफी को प्रदेश के सभी संभागों में ले जाने की योजना बनाई गई है। चैंपियनशिप का शुभारंभ आतिशबाजी के साथ भव्य तरीके से किया जाएगा।
पहली बार MP में होगा इस स्तर का अंतरराष्ट्रीय आयोजन
इससे पहले महिला एशियन चैंपियनशिप का आयोजन वर्ष 2024 में बिहार में हुआ था। भोपाल में 2016 और 2022 में औबेदुल्ला खां हेरिटेज कप का आयोजन भी हो चुका है, लेकिन वह घरेलू टूर्नामेंट था।इस बार पहली बार मध्यप्रदेश अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग से जुड़ी इस स्तर की महिला हॉकी चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। इससे भोपाल को अंतरराष्ट्रीय हॉकी के नक्शे पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
विदेशी खिलाड़ियों को दिखेगी MP की लोकसंस्कृति
खेल मंत्री के मुताबिक, स्टेडियम परिसर में जनजातीय खानपान और लोककला से जुड़े विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां विदेशी खिलाड़ियों और दर्शकों को मध्यप्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों, हस्तशिल्प और लोकसंस्कृति से परिचित कराया जाएगा।आयोजन के जरिए खेल के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने की तैयारी है।
विदेशी खिलाड़ियों की मिक्स टीम से भिड़ सकती है MP की टीम
चैंपियनशिप के दौरान अलग-अलग देशों के चुनिंदा खिलाड़ियों की मिक्स टीम बनाकर मध्यप्रदेश की टीम के साथ प्रदर्शनी मैच कराने की भी तैयारी है।खेल मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि भोपाल हॉकी की नर्सरी रहा है। ऐसे में प्रदेश के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ जुड़ने और उनसे सीखने का अवसर दिया जाएगा।
इसके लिए प्रदेश के 27 हॉकी फीडर सेंटर और 13 खेलो एमपी सेंटर के खिलाड़ियों को भोपाल लाकर मुकाबले दिखाए जाएंगे। कॉलेज विद्यार्थियों को भी मैच देखने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
स्टेडियम में 5 हजार दर्शक देख सकेंगे मुकाबले, एंट्री फ्री
नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में दर्शकों के बैठने के लिए 5 हजार सीटों की व्यवस्था है। खास बात यह है कि किसी भी मुकाबले के लिए दर्शकों को टिकट नहीं खरीदना होगा।स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय प्रसारण के लिए विशेष ब्रॉडकास्टिंग सुविधाएं तैयार की गई हैं।
स्टेडियम की प्रमुख सुविधाएं
हॉकी मैदान 91.4 मीटर लंबा और 55 मीटर चौड़ा है।
मैदान में क्लास-1 श्रेणी का हॉकी टर्फ लगाया गया है।
मुख्य स्टेडियम के पास अंतरराष्ट्रीय मानकों वाली प्रैक्टिस फील्ड है।
खिलाड़ियों के लिए ड्रेसिंग रूम की व्यवस्था है।
मेडिकल और फिजियोथेरेपी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
23 नवंबर से भोपाल में अंतरराष्ट्रीय टेनिस प्रतियोगिता
हॉकी चैंपियनशिप के बाद भोपाल में एक और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन होने जा रहा है। 23 नवंबर से अरेरा क्लब में अंतरराष्ट्रीय ITF M-25 टेनिस प्रतियोगिता आयोजित होगी।इसमें पाकिस्तान, इजराइल और यूक्रेन समेत 17 से अधिक देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इस प्रतियोगिता की इनामी राशि 30 हजार डॉलर यानी करीब 28.18 लाख रुपये रखी गई है।
अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों से बढ़ेगी भोपाल की पहचान
नवंबर में महिला एशियन हॉकी चैंपियनशिप और अंतरराष्ट्रीय टेनिस प्रतियोगिता के आयोजन से भोपाल में खेल गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है। एक ओर विदेशी खिलाड़ियों को प्रदेश की खेल सुविधाओं से परिचित होने का मौका मिलेगा, वहीं स्थानीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबले देखने और अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।