मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित ब्रिक्स कृषि सम्मेलन का शनिवार, 13 जून को पांचवां और अंतिम दिन है। इस दौरान ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें कृषि क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने, खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने और जलवायु परिवर्तन से जुड़ी चुनौतियों का समाधान तलाशने पर व्यापक चर्चा होगी। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान इस बैठक में शामिल होंगे। सम्मेलन में कृषि क्षेत्र में नवाचार, तकनीकी साझेदारी और खाद्य हानि को कम करने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। इसे ब्रिक्स देशों के बीच कृषि सहयोग को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण मंच माना जा रहा है।
चार प्रमुख मुद्दों पर होगा मंथन
ब्रिक्स कृषि मंत्रियों की बैठक में मुख्य रूप से चार अहम विषयों पर चर्चा की जाएगी-
खाद्य सुरक्षा, पोषण और किसानों की आजीविका को मजबूत बनाना।
कृषि व्यापार और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देना।
जलवायु परिवर्तन के अनुरूप टिकाऊ और लचीली कृषि व्यवस्था विकसित करना।
कृषि एवं खाद्य प्रणालियों में नवाचार, अनुसंधान और साझेदारी को प्रोत्साहित करना।
शनिवार का पूरा कार्यक्रम
समय कार्यक्रम
सुबह 10:00 बजे से 11:15 बजे तक - ब्रिक्स कृषि मंत्रियों की बैठक
सुबह 11:15 बजे से 11:45 बजे तक - चाय/कॉफी ब्रेक
सुबह 11:45 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक - द्विपक्षीय बैठकें
दोपहर 1:00 बजे से 2:00 बजे तक - लंच
दोपहर 3:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक - द्विपक्षीय बैठकें
रात 7:30 बजे से आगे - समापन डिनर
बैठक के बाद तैयार होगा साझा दस्तावेज
सम्मेलन के समापन पर सदस्य देशों की सहमति और सुझावों के आधार पर एक साझा दस्तावेज तैयार किया जाएगा। इसमें कृषि क्षेत्र की भविष्य की रणनीतियों, सहयोग के नए अवसरों और खाद्य सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं को शामिल किया जाएगा। विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक स्तर पर बढ़ती खाद्य चुनौतियों और जलवायु संकट के बीच यह बैठक कृषि क्षेत्र में सहयोग, नवाचार और सतत विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।