मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। टेमनी खुर्द के पास एक ट्रक और पिकअप वाहन की आमने-सामने की टक्कर में कई लोग घायल भी हुए हैं। हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा गंभीर रूप से घायल लोगों को 1-1 लाख रुपये तथा अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
घायलों के नि:शुल्क इलाज के निर्देश
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को सभी घायलों के बेहतर और नि:शुल्क उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने को कहा गया है।
बाबा महाकाल से की प्रार्थना
सीएम मोहन यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।
टेमनी खुर्द के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, छिंदवाड़ा-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर टेमनी खुर्द के समीप ट्रक और पिकअप वाहन के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुटी रही।