मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन जिले के नागदा स्थित डेलनपुर बालाजी धाम में नव निर्मित श्री राम दरबार मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने संत समाज का अभिवादन करते हुए प्रदेश के धार्मिक और सांस्कृतिक विकास को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने मंच पर विराजमान श्री 1008 परमपूज्य नारायण त्यागी महाराज, परमपूज्य मधुसूदन महाराज एवं अन्य संतों को प्रणाम किया और कहा कि संतों का आशीर्वाद समाज और राष्ट्र को सही दिशा देने का कार्य करता है।
भगवान श्रीराम के आदर्श आज भी प्रासंगिक
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम का आदर्श जीवन और उनका परिवार आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति के मन में यह भावना रहती है कि भगवान श्रीराम जैसा आदर्श परिवार और रामराज्य जैसी सुशासन व्यवस्था स्थापित हो। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, त्याग और लोककल्याण का संदेश देता है, जो आज भी उतना ही प्रासंगिक है जितना हजारों वर्ष पहले था।
हनुमान जी की भक्ति और समर्पण का किया उल्लेख
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हनुमान जी महाराज अष्ट सिद्धि और नव निधि के दाता हैं तथा उनके भीतर सभी दिव्य शक्तियों का भंडार समाहित है। उन्होंने कहा कि हनुमान जी के जीवन का प्रत्येक क्षण भगवान श्रीराम की सेवा और भक्ति को समर्पित रहा, जो निस्वार्थ समर्पण का सर्वोच्च उदाहरण है।
अयोध्या के बाद चित्रकूट को भी बनाया जाएगा भव्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या में बने भव्य मंदिर को देख रही है। यह उन लोगों को जवाब है जिन्होंने वर्षों तक भगवान श्रीराम की जन्मभूमि को लेकर बाधाएं खड़ी की थीं। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार अयोध्या की तर्ज पर चित्रकूट धाम को भी अद्भुत और भव्य स्वरूप देने की दिशा में कार्य कर रही है। साथ ही जहां-जहां भगवान श्रीराम ने अपने चरण रखे, उन सभी स्थानों को तीर्थ स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
श्रीकृष्ण का जीवन चुनौतियों से लड़ने की प्रेरणा देता है
मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां-जहां जीवन में चुनौतियां और कठिनाइयां आती हैं, वहां-वहां श्रीकृष्ण का मार्गदर्शन दिखाई देता है। उनका जीवन संघर्ष, नीति और धर्म की स्थापना का संदेश देता है।
दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि मध्य प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को और बढ़ावा दिया जाए। इससे किसानों और पशुपालकों की आय में वृद्धि होगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मालवा की अतिथि सत्कार परंपरा की सराहना
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मालवा क्षेत्र अपनी अतिथि देवो भवः की संस्कृति और अतिथि सत्कार की परंपरा के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। यहां के लोगों की आत्मीयता और स्वागत भाव प्रदेश की पहचान है।
डेलनपुर बालाजी धाम के विकास के लिए बड़ी घोषणा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने डेलनपुर बालाजी धाम के विकास के लिए महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए मंदिर परिसर में फर्श निर्माण और बाउंड्री वॉल के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने कहा कि सरकार धार्मिक स्थलों के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है।