भोपाल/इंदौर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को इंदौर के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-5 को विकास की कई सौगातें दीं। उन्होंने तुलसी नगर पुलिया से निपानिया तक बनने वाली सड़क और सीवर लाइन परियोजना का रिमोट के माध्यम से भूमि-पूजन किया। सड़क निर्माण पर 13.62 करोड़ रुपये और प्राइमरी व आंतरिक सीवर लाइन निर्माण पर 2.64 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
इंदौर ने बनाई देशभर में अलग पहचान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इंदौर नगर निगम ने स्वच्छता, प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम स्वनिधि योजना जैसी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन से पूरे देश में अलग पहचान बनाई है। उन्होंने विधायक महेंद्र हार्डिया के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है।
सिकल सेल जागरूकता पर भी दिया जोर
राष्ट्रीय सिकल सेल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने लोगों से इस बीमारी के प्रति जागरूक होने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्यपाल मंगूभाई पटेल के नेतृत्व में प्रदेश में सिकल सेल उन्मूलन के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है और समय पर स्क्रीनिंग व उपचार से इसके प्रभाव को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।
मोदी सरकार के 12 साल में विकास के नए आयाम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के कई नए आयाम स्थापित किए हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा, अधोसंरचना और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से काम हुआ है और प्रदेश के सभी 55 जिलों में योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जा रहे हैं।
1.30 किलोमीटर लंबी सड़क से मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
भूमि-पूजन की गई सड़क करीब 1.30 किलोमीटर लंबी होगी और 30 मीटर चौड़ाई में बनाई जाएगी। परियोजना के तहत सीमेंट कंक्रीट सड़क, फुटपाथ, सीवर चैम्बरों का सुदृढ़ीकरण और बिजली लाइन शिफ्टिंग जैसे कार्य भी किए जाएंगे। इससे तुलसी नगर, निपानिया, अंकुर आंगन, राजाराम एवेन्यू और महालक्ष्मी नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
50 करोड़ के फ्लाईओवर समेत कई नई घोषणाएं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कनाड़िया रोड से खजराना रोड तक करीब 1400 मीटर लंबे लिंक रोड के निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा पूर्वी रिंग रोड से रॉबोट चौराहे तक छह लेन फ्लाईओवर बनाने का भी ऐलान किया, जिसकी अनुमानित लागत करीब 50 करोड़ रुपये होगी। उन्होंने अवैध कॉलोनियों को वैध करने के लिए भी ठोस प्रयास करने का भरोसा दिया।
हितग्राहियों को मिले स्वनिधि योजना के चेक
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत राहुल मर्मट और जगदीश उपाध्याय को 50-50 हजार रुपये के प्रतीकात्मक चेक प्रदान कर हितलाभ वितरित किया।