12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाता है, बल्कि वैश्विक कल्याण, शांति और समरसता को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि यह गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष पूरे होने के साथ ही देश 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भी मना रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत ने हमेशा अपने ज्ञान, संस्कृति और विवेक के माध्यम से पूरी दुनिया को एक सूत्र में जोड़ने का काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को वैश्विक पहचान दिलाकर विश्व समुदाय को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राचीन परंपराओं और जीवन-दर्शन से परिचित कराया है।
योग ने दुनिया को दिया सकारात्मक जीवन का संदेश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि योग के माध्यम से मानवता को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने का वैश्विक संदेश मिला है। उन्होंने कहा कि योग आज केवल भारत की पहचान नहीं, बल्कि विश्व कल्याण का माध्यम बन चुका है।