भोपाल। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के काउंटडाउन अभियान के तहत मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों के नाम विशेष संदेश जारी करते हुए योग को भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'अंतरराष्ट्रीय योग दिवस' आज एक वैश्विक जन-आंदोलन का स्वरूप ले चुका है और पूरी दुनिया योग के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की ओर बढ़ रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के नागरिकों से 14 जून को आयोजित होने वाले विशेष ऑनलाइन योग सत्र में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाकर ही स्वस्थ समाज और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।
14 जून को होगा विशेष ऑनलाइन योग सत्र
भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के सातवें काउंटडाउन कार्यक्रम के अंतर्गत 14 जून को सुबह 6:30 बजे से 7:35 बजे तक विशेष ऑनलाइन योग सत्र आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य देशभर के लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से स्वस्थ, जागरूक और निरोग समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है।
टोल-फ्री नंबर पर मिस कॉल देकर कर सकते हैं पंजीयन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि इस ऑनलाइन योग सत्र से जुड़ने के लिए आयुष मंत्रालय की ओर से टोल-फ्री नंबर 18003157008 जारी किया गया है। इस नंबर पर मिस कॉल देकर कोई भी व्यक्ति आसानी से अपना पंजीयन करा सकता है। उन्होंने युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों, शासकीय कर्मचारियों और सामाजिक संगठनों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
'प्रधानमंत्री मोदी ने योग को बनाया वैश्विक जन-आंदोलन'
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग भारत की हजारों वर्ष पुरानी सांस्कृतिक विरासत है, जिसने पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस विश्वव्यापी अभियान बन चुका है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र में भारत की पहल पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को वैश्विक मान्यता मिली और आज दुनिया के सैकड़ों देशों में करोड़ों लोग योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना रहे हैं।
'घर-घर योग, हर व्यक्ति निरोग' का दिया संदेश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों से आह्वान करते हुए कहा कि सभी नागरिक 'घर-घर योग, हर व्यक्ति निरोग' के संकल्प के साथ योग को अपनाएं और स्वस्थ मध्यप्रदेश तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से 'हर घर योग' अभियान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने जैसे ऐतिहासिक लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं।
विकसित भारत के निर्माण में सभी दें योगदान
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही मजबूत राष्ट्र की आधारशिला होते हैं। इसलिए योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का माध्यम है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाकर विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें।