भोपाल।दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद सीट रिक्त घोषित कर दी गई है। अब कांग्रेस, भाजपा और अन्य दलों ने अपनी-अपनी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। कांग्रेस ने जहां स्थिति का आकलन करने के लिए समिति गठित की है, वहीं भाजपा और आजाद समाज पार्टी भी सक्रिय हो गई हैं।
कांग्रेस ने बनाई आकलन समिति
कांग्रेस ने पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह और सिद्धार्थ कुशवाहा की एक समिति गठित की है, जो दतिया में राजनीतिक स्थिति का आकलन कर प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को रिपोर्ट सौंपेगी। पार्टी इस रिपोर्ट के आधार पर उपचुनाव की रणनीति और प्रत्याशी चयन पर निर्णय लेगी। कांग्रेस में कई नेता टिकट की दौड़ में शामिल हैं, जिससे संगठन स्तर पर गतिविधियां तेज हो गई हैं।
भाजपा में नरोत्तम मिश्रा की सक्रियता
भाजपा खेमे में पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा प्रमुख दावेदार के रूप में सामने हैं। वे लगातार क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं और सामाजिक समीकरण साधने के लिए विभिन्न समाजों के संगठनों से मुलाकात कर रहे हैं। भाजपा अपने मजबूत संगठन और स्थानीय पकड़ के आधार पर उपचुनाव में बढ़त बनाने की रणनीति पर काम कर रही है।
अन्य दलों की तैयारी भी शुरू
आजाद समाज पार्टी ने पहले ही दामोदर यादव को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। निर्वाचन आयोग ने भी उपचुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। वहीं, सूत्रों के मुताबिक, पूर्व विधायक घनश्याम सिंह और अवधेश नायक भी सक्रिय हैं और टिकट की दावेदारी पेश कर रहे हैं। राजनीतिक समीकरणों में बदलाव की संभावना भी जताई जा रही है।