मध्यप्रदेश के ग्वालियर में गजराराजा मेडिकल कॉलेज (GRMC) के दो छात्र तिघरा डैम में डूब गए। हादसे में एक छात्र का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश अभी भी जारी है। दोनों छात्र MBBS सेकंड ईयर के थे और 13 जून, शनिवार को अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने डैम पहुंचे थे। इसी दौरान पैर फिसलने से दोनों 40 से 50 फीट गहरे पानी में चले गए।
गोपाल का शव मिला, आयुष की तलाश जारी
जानकारी के अनुसार, यह हादसा शनिवार शाम करीब 7 बजे डैम के कच्ची पार क्षेत्र में हुआ, जहां आम लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित है। रेस्क्यू टीम ने देर रात गोपाल अग्रवाल का शव पानी से बाहर निकाल लिया, जबकि आयुष श्रीवास्तव की तलाश अभी भी जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, डैम की गहराई, कीचड़ और चट्टानों के कारण सर्च ऑपरेशन में कठिनाई आ रही है।
8 छात्रों का ग्रुप पहुंचा था पिकनिक पर
बताया जा रहा है कि मेडिकल कॉलेज के कुल 8 छात्रों का एक ग्रुप पिकनिक मनाने तिघरा डैम पहुंचा था, जिसमें 4 छात्राएं और 4 छात्र शामिल थे। यह सभी बोट क्लब से करीब 3 किलोमीटर दूर कच्ची पार इलाके में गए थे। इसी दौरान आयुष श्रीवास्तव (मुजफ्फरपुर, बिहार) और गोपाल अग्रवाल (बीना, सागर) पानी में उतर गए और अचानक गहरे हिस्से में चले जाने से डूब गए।