इंदौर- इंदौर मेट्रो के बहुप्रतीक्षित कमर्शियल रन को एक बार फिर झटका लगा है। सुपर कॉरिडॉर से विजय नगर तक मेट्रो सेवा शुरू होने का इंतजार कर रहे शहरवासियों को अभी और इंतजार करना पड़ेगा। पहले 18 जून को कमर्शियल रन का शुभारंभ प्रस्तावित था, लेकिन कार्यक्रम स्थगित होने के बाद अब पूरी प्रक्रिया फिर से अटक गई है। सबसे बड़ी वजह यह है कि कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेलवे सेफ्टी (CMRS) द्वारा दी गई मंजूरी 24 जून को समाप्त हो रही है और तब तक संचालन शुरू होना मुश्किल माना जा रहा है।
5.9 किलोमीटर हिस्से में ही अटकी मेट्रो
फिलहाल मेट्रो सुपर कॉरिडॉर के लगभग 5.9 किलोमीटर हिस्से में ही ट्रायल मोड तक सीमित है। मेट्रो प्रबंधन लगातार दावा करता रहा कि सुपर कॉरिडॉर से रेडिसन चौराहे तक जल्द कमर्शियल रन शुरू कर दिया जाएगा, लेकिन तय समय सीमा के बावजूद संचालन शुरू नहीं हो सका। इससे परियोजना की प्रगति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। शहर में लंबे समय से मेट्रो सेवा शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन बार-बार तारीख बदलने से लोगों में निराशा बढ़ रही है।
24 जून को खत्म हो रही CMRS की मंजूरी
मेट्रो संचालन के लिए सबसे महत्वपूर्ण चुनौती अब CMRS की मंजूरी बन गई है। कमर्शियल रन के लिए जो एनओसी दी गई थी, उसकी वैधता 24 जून तक ही है। मौजूदा स्थिति को देखते हुए इतनी कम अवधि में सभी औपचारिकताएं पूरी कर संचालन शुरू कर पाना मुश्किल माना जा रहा है। यदि इस तारीख तक सेवा शुरू नहीं हुई, तो पूरी मंजूरी प्रक्रिया दोबारा करनी पड़ेगी।
दोबारा होगा सेफ्टी निरीक्षण
मेट्रो प्रबंधन ने नए सिरे से सेफ्टी निरीक्षण कराने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए CMRS को पुनः आवेदन भेजा जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक निरीक्षण, परीक्षण और मंजूरी की पूरी प्रक्रिया में करीब एक महीने तक का समय लग सकता है। यानी मेट्रो का कमर्शियल रन जुलाई के बाद ही शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
MD बोले- नई तारीख अभी तय नहीं
मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के प्रबंध संचालक एस. कृष्ण चैतन्य ने बताया कि कमर्शियल रन की नई तारीख अभी तय नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि 24 जून से पहले दोबारा निरीक्षण के लिए CMRS को पत्र भेजा जाएगा। निरीक्षण और अंतिम मंजूरी मिलने के बाद ही यात्रियों के लिए मेट्रो सेवा शुरू की जा सकेगी।
18 जून को होना था शुभारंभ
पहले केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के हाथों 18 जून को कमर्शियल रन का उद्घाटन कराने की तैयारी थी। हालांकि राज्यसभा चुनाव से जुड़े कार्यक्रमों के कारण यह आयोजन स्थगित कर दिया गया। अब केंद्रीय मंत्री 20 जून को इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर के भूमिपूजन के लिए इंदौर आ रहे हैं, लेकिन मेट्रो उद्घाटन की नई तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।
शहरवासियों का इंतजार बढ़ा
इंदौर मेट्रो को शहर की सबसे महत्वपूर्ण परिवहन परियोजनाओं में माना जा रहा है। इससे ट्रैफिक दबाव कम होने और सार्वजनिक परिवहन को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। लेकिन बार-बार कमर्शियल रन टलने से लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि आखिर तैयारियों और दावों के बावजूद मेट्रो की रफ्तार क्यों नहीं पकड़ पा रही। फिलहाल इतना तय है कि इंदौरवासियों को मेट्रो की पहली सवारी के लिए अभी कुछ और समय इंतजार करना होगा।