इंदौर - देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल इंदौर से एक बार फिर चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है। शहर के महावीर नगर इलाके में सरकारी नलकूप के पानी के इस्तेमाल के बाद कई लोग बीमार पड़ गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगलवार को सरकारी नलकूप का पानी पीने या घरेलू उपयोग के बाद कई लोगों को उल्टी, दस्त और पेट से जुड़ी समस्याएं होने लगीं। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों ने तुरंत प्रशासन को इसकी सूचना दी।
सीवेज रिसाव का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नलकूप में सीवेज पानी का रिसाव होने के कारण पेयजल दूषित हो गया, जिससे यह स्वास्थ्य समस्या पैदा हुई। आशंका जताई जा रही है कि पानी लंबे समय से प्रभावित हो सकता है। मामले के सामने आने के बाद प्रशासन ने तुरंत संबंधित नलकूप के उपयोग पर रोक लगा दी है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीमों ने इलाके में जांच और सर्वे शुरू कर दिया है।
टैंकर से पहुंचाया जा रहा पानी
स्थिति को देखते हुए प्रभावित क्षेत्र में अब टैंकरों के माध्यम से साफ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न हो। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, यह नलकूप काफी पुराना है और पहले यह क्षेत्र ग्राम पंचायत के अंतर्गत आता था। अब इसकी तकनीकी जांच की जा रही है ताकि समस्या के सही कारण का पता लगाया जा सके।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
इंदौर नगर निगम के आयुक्त ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्वच्छता के लिए मशहूर इस शहर में इस तरह की घटना ने स्थानीय लोगों को चिंतित कर दिया है। अब सभी की नजरें प्रशासन की जांच रिपोर्ट और समाधान पर टिकी हुई हैं।