भोपाल/उज्जैन। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन जिले के महिदपुर को 207.57 करोड़ रुपये की बड़ी सौगात दी। उन्होंने 19 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। इस दौरान जहां उन्होंने सिंचाई, किसानों और बहनों के कल्याण को लेकर कई बड़े ऐलान किए, वहीं कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला। सीएम मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस अपने ही कर्मों के कारण गर्त में जा रही है और पार्टी की कमान ऐसे लोगों के हाथ में है, जो गाड़ी आगे बढ़ाने के बजाय पीछे ठोंक रहे हैं।
महिदपुर को मिली 207 करोड़ रुपये से ज्यादा की सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महिदपुर में 207.57 करोड़ रुपये की लागत से 19 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। इनमें सबसे बड़ा प्रोजेक्ट 188.42 करोड़ रुपये की लागत वाला सामाकोटा बैराज है। इसके अलावा उप स्वास्थ्य केंद्र भवन, महाविद्यालय भवन और कई स्कूल भवनों के निर्माण कार्य भी शामिल हैं।
डोंगला से तय हो दुनिया का समय, सरकार कर रही प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिदपुर और डोंगला का वैज्ञानिक और ऐतिहासिक महत्व बेहद खास है। राजा जयसिंह द्वारा स्थापित वैधशालाओं और सम्राट विक्रमादित्य की विरासत को आगे बढ़ाते हुए डोंगला में आधुनिक ऑब्जर्वेटरी बनाई गई है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रयास कर रही है कि भविष्य में दुनिया अपनी घड़ी का मानक समय डोंगला के आधार पर तय करे।
सिंहस्थ-2028 और फोरलेन बदलेंगे महिदपुर की तस्वीर
सीएम मोहन यादव ने कहा कि सिंहस्थ-2028 के लिए हजारों करोड़ रुपये के विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि डोंगला से गुजरने वाला नया फोरलेन महिदपुर की नई तस्वीर और तकदीर दोनों बदल देगा। इससे व्यापार, परिवहन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
किसानों के लिए बड़ा लक्ष्य, सिंचाई क्षेत्र 100 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2002-03 के बाद सिंचाई क्षेत्र बढ़ाने का अभियान शुरू हुआ और 2023 तक यह आंकड़ा 44 लाख हेक्टेयर तक पहुंचा। अब केवल ढाई वर्षों में यह बढ़कर 65 लाख हेक्टेयर हो गया है। सरकार ने अगले ढाई वर्षों में इसे बढ़ाकर 100 लाख हेक्टेयर करने का लक्ष्य तय किया है।
किसानों के लिए सरकार के बड़े दावे
गेहूं की खरीद 2652 रुपये प्रति क्विंटल पर की गई।
सोयाबीन उत्पादकों को भावांतर योजना का लाभ दिया गया।
सिंचाई के लिए दिन में बिजली उपलब्ध कराने की योजना।
सड़क, पानी और अन्य सुविधाओं का विस्तार।
लाड़ली बहनों को अब तक 60 हजार करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं और किसानों के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि लाड़ली बहना योजना के तहत अब तक करीब 60 हजार करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में ट्रांसफर किए जा चुके हैं।
पीएम मोदी की योजनाओं का किया जिक्र
सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीबों के लिए आवास, गैस कनेक्शन और 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज जैसी योजनाएं दी हैं। वहीं राज्य सरकार ने एयर एंबुलेंस सेवा और राहवीर योजना जैसी पहल शुरू की है, जिसके तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने वाले को 25 हजार रुपये का प्रोत्साहन दिया जाता है।
कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले- पार्टी नौसिखियों के हाथ में
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी अपनी गलत नीतियों और कर्मों की वजह से लगातार नीचे जा रही है। उन्होंने कहा कि जब पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है, तब कांग्रेस ने अपनी पार्टी की कमान नौसिखियों के हाथों में सौंप दी है। सीएम ने तंज कसते हुए कहा- "वे नौसिखिए गाड़ी आगे बढ़ाने की बजाय पीछे ठोंक रहे हैं।"