भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में मध्य प्रदेश को कृषि आधारित आर्थिक गतिविधियों में “मॉडल स्टेट” बताया गया। इस अवसर पर नेताओं ने अंत्योदय के लक्ष्य, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और कृषि अर्थव्यवस्था में हुए बदलावों पर प्रकाश डाला।
कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में हुआ भव्य मीडिया संवाद कार्यक्रम
भोपाल में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी समेत दूसरे वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे।
अंत्योदय और सुशासन पर सरकार का फोकस
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने शासन को जनसेवा का माध्यम बनाया है और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। आज का भारत आत्मविश्वास से परिपूर्ण, सुरक्षित, सशक्त तथा विकसित भारत 2047 के संकल्प को लेकर आगे बढ़ रहा है। देश की जनता का विश्वास लगातार भारतीय जनता पार्टी तथा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर और अधिक मजबूत हुआ है।
मध्य प्रदेश: कृषि आधारित अर्थव्यवस्था का मॉडल राज्य
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मध्य प्रदेश को कृषि आधारित आर्थिक गतिविधियों में देश का “मॉडल स्टेट” बताया। उन्होंने कहा कि राज्य ने कृषि विकास, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत का सेवा और निर्यात क्षेत्र तेजी से बढ़ा है,स्टार्टअप्स ने युवाओं को रोजगार और नवाचार के अवसर दिए हैं,यूरोप के साथ व्यापार समझौते से भारतीय उत्पादों के लिए नए बाजार खुले हैं, शिक्षा क्षेत्र में बेटियों की भागीदारी बढ़ी है,सरकारी योजनाओं का सबसे अधिक लाभ महिलाओं को मिला है,देश में ढाई लाख से अधिक स्टार्टअप कार्यरत हैं। प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्रियों में शामिल हैं और अब तक 4402 दिनों से देश का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार को धरातल पर उतारने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के छह वर्ष और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों को मिलाकर भाजपा को केंद्र में 18 वर्षों तक देश सेवा का अवसर मिला है। इस अवधि में विचारधारा, सुशासन और अंत्योदय के संकल्प को साकार करने का प्रयास किया गया है।
सिंहस्थ की तरह महात्वपूर्ण मोदी का कार्यकाल - सीएम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारे यहां 12 वर्ष का महत्व है। 12 वर्ष में सिंहस्थ होता है। सीएम ने कहा स्मार्ट सिटी के पैसे से बाबा महाकाल का महालोक बना दिया। एक संकल्प से धार्मिक पर्यटन का बढ़ा बदलाव आया। सीएम ने कहा नरेन्द्र मोदी लगातार 25 साल से मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सेवा का कार्य कर रहे हैं। 12 साल बारह का अंक हमारे लिए उत्साहवर्धक है। सिंहस्थ भी बारह वर्ष में ही होता है। जीआईएस हमने भोपाल में आयोजित कर नया कीर्तिमान बनाया। न्याय प्रणाली में भारतीयता का तत्व वापस आया है। पीएम मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश नक्सलमुक्त राज्य बना है।