उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार देर शाम विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य तथा ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ बाबा महाकाल की शयन आरती में सहभागिता की। इस दौरान नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और मंत्री प्रतिभा बागरी भी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर भगवान महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया।
महाकाल लोक में देखा लाइट एंड साउंड शो
मंदिर पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने महाकाल लोक में आयोजित लाइट एंड साउंड शो का अवलोकन किया। उन्होंने इसकी प्रस्तुति की सराहना करते हुए इसे श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बताया। इस अवसर पर श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से समिति अध्यक्ष एवं कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने सभी अतिथियों का सम्मान किया।
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों पर हुई विस्तृत चर्चा
शयन आरती के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि उज्जैन में आयोजित समीक्षा बैठक में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों और शहर के विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश और देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं तथा सिंहस्थ को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिलेगा।
केंद्र सरकार हरसंभव सहयोग करेगी
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सिंहस्थ और उज्जैन के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार आवश्यक संसाधन, व्यवस्थाएं और समन्वय उपलब्ध कराने में पूरा सहयोग करेगी।
धार्मिक पर्यटन के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित होगा उज्जैन
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य उज्जैन को केवल एक धार्मिक नगरी तक सीमित न रखते हुए धार्मिक पर्यटन के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करना है। इसके लिए आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, यातायात व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
महाकाल दर्शन को बताया सौभाग्य
डॉ. मोहन यादव ने महाकाल लोक के लाइट एंड साउंड शो की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव के साथ आधुनिक प्रस्तुति का अद्भुत संगम प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर का उज्जैन आगमन और बाबा महाकाल के दर्शन करना सभी के लिए सौभाग्य की बात है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।