मध्यप्रदेश और गुजरात में बुधवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 9 दिन की देरी से दस्तक दी। दोनों राज्यों में मानसून के पहुंचने की सामान्य तिथि 15 जून मानी जाती है, लेकिन इस बार इसकी रफ्तार धीमी रही। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों के भीतर मानसून पूरे मध्यप्रदेश को कवर कर सकता है। इसके साथ ही देश के 22 राज्यों में मानसून सक्रिय हो चुका है और 5 जुलाई तक शेष राज्यों में भी इसके पहुंचने की संभावना जताई गई है।
मुंबई में 13 दिन की देरी से पहुंचा मानसून, कई इलाकों में जलभराव
मंगलवार को 13 दिन की देरी से मानसून ने मुंबई में दस्तक दी। बुधवार सुबह तक हुई भारी बारिश के दौरान मलवणी फायर स्टेशन क्षेत्र में 334 मिमी और एफ/साउथ वार्ड में 328 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा 27 इलाकों में 200 से 300 मिमी के बीच बारिश रिकॉर्ड की गई।भारी बारिश के कारण अंधेरी सब-वे में जलभराव हो गया, जिसके चलते इसे अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। वहीं विक्रोली वेस्ट में एक रिहायशी इमारत के पास बनी रिटेनिंग वॉल गिर गई। कई स्थानों पर पेड़ उखड़ने से वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।
अरुणाचल प्रदेश में बाढ़, तीन लोग लापता
अरुणाचल प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से लगातार तेज बारिश हो रही है। बुधवार सुबह कीयी पन्योर जिले के याजाली सर्किल स्थित नीपको प्रोजेक्ट कॉलोनी में बाढ़ आ गई। इस घटना में तीन लोगों के लापता होने की खबर है, जबकि 18 से अधिक घरों को नुकसान पहुंचा है। कई निचले इलाकों में पानी भर जाने से जनजीवन प्रभावित हुआ है।
छह राज्यों में जारी है प्री-मानसून बारिश
देश के उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में प्री-मानसून बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ चुका है। अगले दो से तीन दिनों के दौरान इसके उत्तर प्रदेश में भी पहुंचने की संभावना है।