मुरैना। मुरैना जिले में शनिवार को बड़ा रेल हादसा हो गया, जिसमें 4 यात्रियों की मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना हेतमपुर स्टेशन के पास हुई। बताया जा रहा है कि उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैलने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री चलती ट्रेन से नीचे कूद गए। इसी दौरान दूसरी पटरी से गुजर रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से यात्रियों की मौत हो गई।
उदयपुर इंटरसिटी में आग की अफवाह से मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 4 बजे उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस मुरैना से धौलपुर की ओर जा रही थी। जैसे ही ट्रेन हेतमपुर स्टेशन के पास पहुंची, तभी आग लगने की अफवाह फैल गई, जिससे यात्रियों में भारी दहशत फैल गई।
चलती ट्रेन से कूदे यात्री, दूसरी ट्रेन की चपेट में आए
घबराहट में कई यात्री चलती ट्रेन से नीचे कूद पड़े। उसी समय धौलपुर की ओर से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस दूसरी पटरी से गुजर रही थी, जिसकी चपेट में आने से 4 यात्रियों की मौत हो गई। कई अन्य यात्रियों के घायल होने की भी सूचना है।
बचाव दल मौके पर पहुंचा
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। रेलवे अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।