माध्यमिक शिक्षा मंडल (एमपी बोर्ड) ने शुक्रवार को हायर सेकेंडरी सर्टिफिकेट (कक्षा 12वीं) द्वितीय परीक्षा 2026 का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया। परिणाम घोषित होने के साथ ही प्रदेशभर के लाखों विद्यार्थियों का इंतजार खत्म हो गया। यह परीक्षा उन विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गई थी जो मुख्य परीक्षा में अनुत्तीर्ण रहे थे या अपने अंकों में सुधार करना चाहते थे। बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार परीक्षा के लिए कुल 1,42,468 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें 78,890 छात्र और 63,578 छात्राएं शामिल थीं। परीक्षा में 1,42,467 विद्यार्थी उपस्थित हुए, जबकि केवल एक परीक्षार्थी अनुपस्थित रहा।
84 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने हासिल की सफलता
घोषित परिणाम के अनुसार कुल 84,871 विद्यार्थियों ने परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। इनमें 45,253 छात्र और 39,618 छात्राएं शामिल हैं। इस तरह परीक्षा का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 59.57 दर्ज किया गया है। द्वितीय परीक्षा ने हजारों विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक यात्रा आगे बढ़ाने का नया अवसर प्रदान किया है।
एमपी बोर्ड की द्वितीय परीक्षा में भी छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों की तुलना में बेहतर रहा। जारी परिणाम के अनुसार छात्राओं का पास प्रतिशत 62.31 रहा, जबकि छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 57.36 दर्ज किया गया। इस प्रकार छात्राएं सफलता दर में लगभग पांच प्रतिशत की बढ़त के साथ आगे रहीं।
37 हजार से अधिक विद्यार्थियों को प्रथम श्रेणी
परिणाम के अनुसार कुल 37,005 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण की है। इनमें 17,705 छात्र तथा 19,300 छात्राएं शामिल हैं। इसके अलावा 47,626 विद्यार्थियों ने द्वितीय श्रेणी में सफलता प्राप्त की, जबकि 240 विद्यार्थी तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। बोर्ड के अनुसार द्वितीय परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को एक अतिरिक्त अवसर प्रदान करना था, जिससे वे अपनी शिक्षा को बिना किसी रुकावट के आगे बढ़ा सकें।