मध्यप्रदेश में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के तहत कक्षा 5वीं और 8वीं की पुनः परीक्षा मंगलवार, 16 जून से शुरू हो गई है। यह परीक्षा 23 जून तक आयोजित की जाएगी। मुख्य परीक्षा में अनुत्तीर्ण या अनुपस्थित रहे विद्यार्थियों को इस परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया गया है।
प्रदेशभर में बनाए गए 2,795 परीक्षा केंद्र
राज्य शिक्षा केंद्र ने परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए प्रदेशभर में 2,795 परीक्षा केंद्र स्थापित किए हैं। परीक्षा प्रतिदिन सुबह 10 बजे से आयोजित होगी। पुनः परीक्षा में कक्षा 5वीं के 1.17 लाख से अधिक और कक्षा 8वीं के 1.32 लाख से अधिक विद्यार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा केंद्र पर ही होंगे प्रश्नपत्र प्रिंट
प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने के लिए इस बार परीक्षा केंद्रों पर ही प्रश्नपत्रों की प्रिंटिंग की व्यवस्था की गई है। केंद्राध्यक्ष परीक्षा पोर्टल से प्रश्नपत्र डाउनलोड कर ऑन-द-स्पॉट प्रिंट करेंगे। इसके लिए सभी केंद्रों पर कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट, पर्याप्त ए-4 पेपर, टोनर और निर्बाध बिजली व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
जन शिक्षा केंद्र स्तर पर बनाए गए परीक्षा केंद्र
राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशानुसार पुनः परीक्षा के लिए केवल जन शिक्षा केंद्र स्तर पर परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। जिन केंद्रों पर परीक्षार्थियों की संख्या 500 से अधिक है, वहां आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त केंद्र भी बनाए गए हैं।
विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी स्कूलों पर
पुनः परीक्षा में विद्यार्थियों की अधिकतम उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित स्कूलों के प्राचार्यों और शिक्षकों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने और परीक्षा में शामिल कराने की व्यवस्था करनी होगी।
सरकारी और निजी स्कूलों के छात्र होंगे शामिल
यह परीक्षा प्रदेश के सभी शासकीय, मान्यता प्राप्त अशासकीय, अनुदान प्राप्त विद्यालयों और पंजीकृत मदरसों में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जा रही है। शिक्षा विभाग का मानना है कि पुनः परीक्षा छात्रों को अपनी शैक्षणिक प्रगति सुधारने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी।