भोपाल। मध्य प्रदेश में जुलाई महीने में कलेक्टर्स-एसपी कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी, जिसकी तारीख जल्द घोषित की जाएगी। इस दौरान जिला स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्थाओं, कानून-व्यवस्था और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार (13 जून 2026) को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में आयोजित बैठक में यह जानकारी दी।
अधिकारियों के कामकाज और योजनाओं की होगी समीक्षा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आगामी कलेक्टर्स-एसपी कॉन्फ्रेंस में जिला स्तर पर संचालित विकास एवं जनकल्याण योजनाओं की स्थिति का गहन मूल्यांकन किया जाएगा। साथ ही अधिकारियों के कार्यों, प्रशासनिक व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की समीक्षा भी की जाएगी। गौरतलब है कि इससे पहले अक्टूबर 2025 में भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई थी।
15 अगस्त पर प्रभारी मंत्री बताएंगे जिले की उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में संबंधित जिले के प्रभारी मंत्री अपने संबोधन में जिले की प्रमुख उपलब्धियों और विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी देंगे। उन्होंने कहा कि प्रभारी मंत्रियों के संबोधन से पहले मुख्यमंत्री का राज्य स्तरीय संदेश सभी जिलों में प्रसारित किया जाएगा। जिला स्तर की उपलब्धियों के दस्तावेजीकरण के आधार पर प्रत्येक जिले की विकास पुस्तिका भी तैयार की जाएगी, जिसकी तैयारी तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
नीट परीक्षा को लेकर दिए विशेष निर्देश
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा के सफल और व्यवस्थित संचालन के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए विशेष इंतजाम किए जाएं। पुलिस प्रशासन परीक्षार्थियों के साथ सहयोगात्मक रवैया अपनाए और जरूरत पड़ने पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराए।
सोशल मीडिया पर अफवाहों पर रखी जाएगी नजर
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी जाए। यदि किसी प्रकार की अफवाह फैलती है तो प्रशासन तत्काल सही जानकारी सार्वजनिक कर लोगों को वास्तविक स्थिति से अवगत कराए। इसके अलावा सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल समेत आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
30 जिलों में बनाए गए 283 परीक्षा केंद्र
बैठक में बताया गया कि प्रदेश के 30 जिलों में नीट परीक्षा के लिए कुल 283 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें सबसे अधिक 57 परीक्षा केंद्र इंदौर में स्थापित किए गए हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे की तैयारियों की भी समीक्षा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित मध्य प्रदेश दौरे को लेकर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।