भोपाल - भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य पुलिस की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य की पुलिस ने सरकार के कार्यकाल में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं, जिन पर पूरे प्रदेश को गर्व है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस और प्रशासन के बेहतर समन्वय से मध्य प्रदेश में सुशासन को मजबूत किया गया है और विकास कार्यों को गति मिली है।
नक्सलवाद पर बड़ा दावा
सीएम डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में दावा किया कि भारत में मध्य प्रदेश वह पहला राज्य है, जिसने अपने स्तर पर नक्सलवाद को समाप्त करने में सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि आगे भी सरकार का लक्ष्य विकास और सुरक्षा दोनों को साथ लेकर चलना है, ताकि प्रदेश में शांति और स्थिरता बनी रहे।
सुशासन और विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के इस क्रम में पुलिस को अपनी क्षमता के साथ काम करना होगा, जबकि प्रशासन को विकास कार्यों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। सीएमडॉ. मोहन यादव ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि इसी समन्वय से राज्य में सुशासन की “नई बयार” देखने को मिल रही है।
कांग्रेस पर साधा निशाना
इसी दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट द्वारा मीनाक्षी नटराजन की याचिका खारिज किए जाने के मामले का जिक्र करते हुए प्रतिक्रिया दी।सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि दुर्भाग्य की बात है कि कांग्रेस अपनी हार का दोष कभी सुप्रीम कोर्ट, कभी चुनाव आयोग और कभी चुनाव अधिकारियों पर डालती है।उन्होंने कहा कि विपक्ष को आत्ममंथन करना चाहिए और यह समझना चाहिए कि उनकी कमजोरियां कहां हैं और वे क्यों लगातार चुनावों में पीछे रह रहे हैं।
राजनीतिक बयानबाजी तेज
मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में फिर से हलचल तेज हो गई है। जहां एक तरफ उन्होंने पुलिस और प्रशासन की उपलब्धियों को रेखांकित किया, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पर सीधा हमला कर राजनीतिक बहस को भी बढ़ा दिया है।