भोपाल। मध्यप्रदेश में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही मंगलवार से प्रदेशभर के सरकारी स्कूल खुल जाएंगे। इसी के साथ ‘स्कूल चलें हम’ अभियान का दूसरा चरण भी शुरू होगा, जो 30 जून तक संचालित किया जाएगा। इस अभियान के तहत शासकीय विद्यालयों में चिन्हित बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया जाएगा और अभिभावकों का स्कूल स्तर पर स्वागत कर उन्हें विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी।
नामांकन और अभिभावकों का स्वागत
अभियान के दौरान स्कूलों में नए प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का औपचारिक स्वागत किया जाएगा। शाला प्रबंधन समिति की बैठकों में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की जाएगी। राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा सभी कलेक्टरों और शिक्षा अधिकारियों को इसके लिए पहले ही विस्तृत निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
ड्रॉपआउट बच्चों को फिर से जोड़ने की पहल
राज्यभर के शासकीय और सांदीपनि विद्यालयों में शाला प्रारंभ उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान स्कूल छोड़ चुके बच्चों की पहचान कर उन्हें पुनः विद्यालय से जोड़ा जाएगा। ग्राम, वार्ड और विद्यालय स्तर पर विशेष प्रयास करते हुए ड्रॉपआउट बच्चों का पुनः प्रवेश सुनिश्चित किया जाएगा।
बच्चों को मिलेगा विशेष भोजन
प्री-प्राइमरी से कक्षा 8वीं तक के विद्यालयों में बाल सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान बच्चों को विशेष भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। यह पहल बच्चों के स्वागत और उनकी उपस्थिति बढ़ाने के उद्देश्य से की गई है।
जिला स्तर पर होगी निगरानी
जिला कलेक्टरों को अभियान की नियमित समीक्षा करने और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, जिले के विभिन्न विभागों के प्रथम और द्वितीय श्रेणी के अधिकारियों को एक-एक विद्यालय आवंटित किया जाएगा, जहां वे विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें प्रेरित करेंगे।