भोपाल। मध्यप्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार 21 से 23 जून के बीच प्रदेश में मानसून प्रवेश कर सकता है। इसी बीच अगले 48 घंटे के लिए कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है। इससे कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदल सकता है।
इन जिलों में जारी हुआ अलर्ट
भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, इंदौर, देवास, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, अनूपपुर, डिंडौरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर और टीकमगढ़ समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
एक्टिव साइक्लोनिक सिस्टम का असर
मौसम विभाग के अनुसार मध्य भारत से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड तक एक सक्रिय साइक्लोनिक सिस्टम और ट्रफ लाइन का असर बना हुआ है। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिससे प्रदेश में नमी बढ़ रही है और बादल छाने के साथ बौछारों की स्थिति बन रही है।
पिछले 24 घंटे में कई जिलों में बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान भोपाल, नर्मदापुरम, उज्जैन, ग्वालियर, रीवा, जबलपुर, शहडोल और सागर संभाग के कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई। इससे मौसम में हल्की ठंडक भी महसूस की गई।
खजुराहो सबसे गर्म, पचमढ़ी सबसे ठंडा
प्रदेश में अधिकतम तापमान खजुराहो (छतरपुर) में 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में 18.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। खजुराहो, नौगांव, दतिया, सतना और टीकमगढ़ सबसे गर्म शहर रहे।
अगले दो दिन मौसम में राहत
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक प्री-मानसून गतिविधियों के चलते तापमान में अधिक बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।