मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छत्तीसगढ़ में आयोजित 36वीं राष्ट्रीय जूनियर एवं सब-जूनियर कैनो स्प्रिंट चैंपियनशिप में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के बेटों और बेटियों ने सभी चार वर्गों में चैंपियनशिप जीतकर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।
सभी वर्गों में जीत दर्ज कर रचा इतिहास
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। जूनियर और सब-जूनियर खिलाड़ियों की इस सफलता से पूरे प्रदेश को गर्व महसूस हो रहा है।
39 पदकों के साथ मध्यप्रदेश बना ओवरऑल चैंपियन
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित वाटर स्पोर्ट्स अकादमी के खिलाड़ियों ने रायपुर (छत्तीसगढ़) में 12 से 14 जून 2026 तक आयोजित 36वीं राष्ट्रीय जूनियर एवं सब-जूनियर कैनो स्प्रिंट चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश ने कुल 39 पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।
इन 39 पदकों में 25 स्वर्ण, 11 रजत और 3 कांस्य पदक शामिल हैं। खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन ने राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश को जलक्रीड़ा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई है।
खेल अधोसंरचना का दिख रहा सकारात्मक परिणाम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और युवाओं की प्रतिभा को निखारने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी का परिणाम है कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी की भी सराहना
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के साथ-साथ मध्यप्रदेश वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि अकादमी ने जलक्रीड़ा के क्षेत्र में प्रदेश को देश के शीर्ष राज्यों में पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। खिलाड़ियों की यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।