भोपाल। मध्यप्रदेश से राज्यसभा की तीन सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर आज शाम स्थिति साफ हो जाएगी। नाम वापसी की समय-सीमा समाप्त होने के बाद चुनाव आयोग द्वारा प्रत्याशियों के नामों का आधिकारिक ऐलान किया जाएगा।
बुधवार को भोपाल में रिटर्निंग ऑफिसर ने प्रदेश से राज्यसभा के तीन प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी है। इस सूची में कांग्रेस का कोई भी उम्मीदवार शामिल नहीं है, जबकि तीनों नाम भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं।
मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द, कांग्रेस को झटका
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी बनाई गईं मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पहले ही निरस्त किया जा चुका है। इस फैसले के बाद कांग्रेस ने देशभर में विरोध दर्ज कराया है और राष्ट्रपति से समय मांगा है। साथ ही कोर्ट जाने की भी तैयारी की जा रही है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि इस मुद्दे को लेकर पार्टी के विधायक राष्ट्रपति भवन के सामने मार्च करेंगे। वहीं मीनाक्षी नटराजन की अपील पर निर्वाचन आयोग कानूनी विशेषज्ञों से राय ले रहा है।
बीजेपी की शिकायत के बाद बढ़ा मामला
भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने मीनाक्षी नटराजन पर नामांकन के दौरान जानकारी छिपाने का आरोप लगाया था। शिकायत में तेलंगाना में दर्ज एक प्रकरण का हवाला दिया गया। आरोप है कि शपथ पत्र में इसका उल्लेख नहीं किया गया, इसी आधार पर नामांकन निरस्त किया गया।
तीनों राज्यसभा प्रत्याशी बीजेपी से
रिटर्निंग ऑफिसर अरविंद शर्मा द्वारा जारी अंतिम सूची में भाजपा के तीन प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं—
- तरुण चुघ
- रजनीश अग्रवाल
- महेश केवट
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार तीसरी सीट पर महेश केवट का राज्यसभा पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि अंतिम घोषणा आज शाम नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद की जाएगी।
कांग्रेस में अंदरूनी हलचल
इस पूरे घटनाक्रम के बीच कांग्रेस के भीतर भी मंथन तेज हो गया है। वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि यदि दिग्विजय सिंह को प्रत्याशी बनाया जाता तो यह स्थिति नहीं बनती।
सूत्रों के अनुसार वरिष्ठ कांग्रेस नेता नरेश ज्ञानचंदानी ने राहुल गांधी को संदेश भेजकर दिग्विजय सिंह को सबसे सुरक्षित विकल्प बताया था, लेकिन उनकी सलाह पर अमल नहीं किया गया।
आज शाम होगा अंतिम ऐलान
मध्यप्रदेश की तीनों राज्यसभा सीटों पर किसका जाना तय होगा, इसका अंतिम फैसला आज शाम सामने आएगा। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों के नामों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।