मध्य प्रदेश में नियुक्ति की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे चयनित शिक्षकों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने माध्यमिक और प्राथमिक शिक्षक (गायन, वादन एवं नृत्य) पदों के लिए पात्र और अपात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी है। अब अभ्यर्थी 18 जून से 21 जून तक स्कूल विकल्प (School Choice Filling) का चयन कर सकेंगे।
प्रयाग संगीत समिति के डिप्लोमा को लेकर अटका था मामला
दरअसल, गायन, वादन और नृत्य विषय के कई चयनित अभ्यर्थियों ने उत्तर प्रदेश की प्रयाग संगीत समिति से डिप्लोमा किया था। इस संस्थान की मान्यता को लेकर विवाद सामने आया था, क्योंकि समिति को यूजीसी से मान्यता प्राप्त नहीं माना गया। इसी कारण इन पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया रोक दी गई थी।
1144 पदों की प्रक्रिया हुई थी होल्ड
जानकारी के अनुसार, करीब 100 चयनित अभ्यर्थियों ने प्रयाग संगीत समिति से डिप्लोमा प्राप्त किया था। इसके चलते संगीत, वादन और नृत्य से जुड़े कुल 1144 पदों की नियुक्ति प्रक्रिया लंबित हो गई थी। नियुक्ति में हो रही देरी को लेकर अभ्यर्थी लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।
DPI घेराव से पहले जारी हुई सूची
चयनित शिक्षक अपनी मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से आंदोलनरत थे। करीब 15 दिन पहले भी अभ्यर्थियों ने DPI कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया था। मंगलवार को अभ्यर्थियों द्वारा राजधानी भोपाल में DPI कार्यालय के घेराव की तैयारी की गई थी, लेकिन उससे पहले विभाग ने पात्र-अपात्र सूची जारी कर दी।
2022 में निकली थी भर्ती, अब तक नहीं मिली नियुक्ति
गौरतलब है कि संगीत, वादन और नृत्य शिक्षकों की भर्ती के लिए वर्ष 2022 में विज्ञापन जारी किया गया था। इसके बाद 2023 में पात्रता परीक्षा आयोजित हुई। वर्ष 2025 में चयन परीक्षा संपन्न हुई और उसी वर्ष परिणाम भी घोषित कर दिए गए, लेकिन विभिन्न कारणों से अब तक नियुक्तियां नहीं हो सकी थीं।
18 से 21 जून तक भरेंगे शाला विकल्प
DPI द्वारा सूची जारी किए जाने के बाद अब पात्र अभ्यर्थियों को 18 जून से 21 जून 2026 तक स्कूल विकल्प चुनने का अवसर मिलेगा। इसके बाद नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे लंबे समय से इंतजार कर रहे चयनित शिक्षकों को राहत मिलने की उम्मीद है।