भोपाल। मध्यप्रदेश में तबादलों के लिए निर्धारित 15 जून की समय-सीमा समाप्त हो गई है, लेकिन कई विभाग अब तक स्थानांतरण आदेश जारी नहीं कर पाए हैं। ऐसे में सरकार तबादलों की अवधि एक सप्ताह तक बढ़ाने पर विचार कर रही है। इस संबंध में आदेश सोमवार को जारी होने की संभावना जताई जा रही है।
कुछ विभागों ने ही जारी किए तबादला आदेश
राज्य सरकार ने 1 जून से 15 जून तक तबादले करने की अनुमति दी थी। इस अवधि में स्वास्थ्य विभाग के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) और लोक निर्माण विभाग सहित कुछ विभागों ने ही स्थानांतरण आदेश जारी किए। वहीं कई प्रमुख विभागों में प्रक्रिया अब भी अधूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा था- अवधि नहीं बढ़ेगी
20 मई को हुई कैबिनेट बैठक में तबादला नीति को मंजूरी दी गई थी। इसके बाद 22 मई को सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागों को 15 जून तक स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश जारी किए थे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी स्पष्ट कहा था कि तबादलों की समय-सीमा नहीं बढ़ाई जाएगी और सभी विभागों को तय समय में प्रक्रिया पूरी करनी होगी। हालांकि कई विभाग निर्धारित अवधि में यह कार्य पूरा नहीं कर सके।
शिक्षा, पंचायत और राजस्व विभाग में प्रक्रिया जारी
सूत्रों के अनुसार स्कूल शिक्षा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व तथा जनजातीय कार्य विभाग में अब भी तबादलों की प्रक्रिया जारी है। इन विभागों में स्थानांतरण संबंधी कार्य 15 जून के बाद तक चलने की संभावना है।स्कूल शिक्षा विभाग ने तो जुलाई तक स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी करने के लिए अलग व्यवस्था भी तैयार कर ली है।
सरकार बढ़ा सकती है ट्रांसफर की अवधि
कई विभागों में स्थानांतरण प्रक्रिया लंबित होने के कारण सामान्य प्रशासन विभाग समय-सीमा बढ़ाने की तैयारी में है। जानकारी के अनुसार इस विषय पर मुख्यमंत्री स्तर पर चर्चा हो चुकी है और एक सप्ताह का अतिरिक्त समय देने पर सहमति बनने की बात सामने आ रही है।यदि इस संबंध में आदेश जारी होता है तो विभागों को लंबित तबादला प्रस्तावों पर निर्णय लेने के लिए अतिरिक्त समय मिल जाएगा।
अंतिम दिन विभागों में व्यस्त रहे मंत्री और अधिकारी
तबादला अवधि के अंतिम दिन अधिकांश मंत्री अपने-अपने विभागों में व्यस्त नजर आए। अधिकारी भी स्थानांतरण सूची को अंतिम रूप देने, नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया में जुटे रहे।