भोपाल। मध्यप्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेजी से सक्रिय हो गई हैं, जिसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रविवार को रात के समय प्रदेश में अच्छी वर्षा दर्ज की गई, जबकि दिन के मुकाबले मौसम में काफी बदलाव देखने को मिला। इंदौर में सबसे अधिक 29.0 मिमी बारिश दर्ज की गई, वहीं नर्मदापुरम में 20.8 मिमी और भोपाल में 13.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
प्रदेश के रायसेन, राजगढ़, उज्जैन, सागर, जबलपुर, नरसिंहपुर और सिवनी जिलों में भी रात के समय बारिश हुई। भोपाल में रविवार दोपहर तेज हवाओं के बाद बारिश शुरू हुई, जिससे तापमान में करीब तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे तक मौसम में खास बदलाव की संभावना नहीं है, हालांकि इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री तक वृद्धि हो सकती है।
शिवपुरी में तापमान में बड़ी गिरावट
बारिश और तेज हवाओं के कारण पश्चिमी मध्यप्रदेश में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। दिन का तापमान 1 से 6 डिग्री तक और रात का तापमान 1 से 5 डिग्री तक नीचे आ गया। सबसे अधिक गिरावट शिवपुरी में दर्ज की गई, जहां तापमान 6.7 डिग्री गिरकर 33.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हालांकि दतिया में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं खजुराहो प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी
रविवार को प्रदेश के कई जिलों में मौसम ने तेज रूप दिखाया। राजगढ़, विदिशा, सागर और रायसेन में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। वहीं सीहोर, देवास, दमोह, शाजापुर, शिवपुरी, मुरैना और जबलपुर समेत कई जिलों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ बारिश हुई।
तीन जिलों में ऑरेंज और 29 जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए सीहोर, राजगढ़ और आगर मालवा जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जहां तेज आंधी और भारी बारिश की संभावना है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर और नर्मदापुरम सहित 29 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।