भोपाल। मध्य प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। सोमवार को भोपाल, उज्जैन, धार और रायसेन समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने प्रदेश के 29 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं छतरपुर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक 12 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी चचेरी बहन गंभीर रूप से झुलस गई।
भोपाल-उज्जैन समेत कई जिलों में बारिश
प्रदेश की राजधानी भोपाल, उज्जैन, धार और रायसेन में सोमवार को तेज बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। कई इलाकों में बादल छाए रहने और तापमान में गिरावट की संभावना भी जताई गई है।
छतरपुर में बिजली गिरने से बच्ची की मौत
छतरपुर जिले के बड़ामलहरा क्षेत्र के महाराजगंज गांव में बारिश के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। खेत के पास आम के पेड़ के नीचे खड़ी दो चचेरी बहनों पर आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में 12 वर्षीय आरती अहिरवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
10 जिलों में तेज आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग ने इंदौर, देवास, धार, सीहोर, शाजापुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला और जबलपुर सहित कई जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और बारिश होने की चेतावनी जारी की है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
29 जिलों में बारिश और गरज-चमक की चेतावनी
मौसम विभाग ने भोपाल, उज्जैन, राजगढ़, विदिशा, झाबुआ, आलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, सागर, दमोह, सतना, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर सहित 29 जिलों में बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है।
छत्तीसगढ़ पहुंचा मानसून, MP में जल्द एंट्री की उम्मीद
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों तक पहुंच चुका है। अगले 48 घंटों में मानसून के और आगे बढ़ने की संभावना है। इसके चलते मध्य प्रदेश में भी मानसून की एंट्री का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है।
26 जून तक बदलता रहेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदेश में 26 जून तक गर्मी, उमस, आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है। कुछ क्षेत्रों में हीटवेव जैसी स्थिति भी बन सकती है, जबकि कई जिलों में तेज बारिश देखने को मिल सकती है।