मध्यप्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी हुई हैं, जिसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। शनिवार, 20 जून को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, श्योपुर और धार समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। वहीं मौसम विभाग ने विदिशा, राजगढ़, गुना और रायसेन समेत कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है।
अगले 12 घंटे में 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चल सकती है आंधी
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 12 घंटों के दौरान कई इलाकों में 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। प्रदेश के 29 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, श्योपुर, गुना, राजगढ़, सीहोर, देवास, शाजापुर, अशोकनगर, डिंडौरी, अनूपपुर और शहडोल समेत कई जिले शामिल हैं, जहां बारिश की संभावना जताई गई है।
तेलंगाना से आगे बढ़ने के बाद 25 जून तक एमपी पहुंच सकता है मानसून
इस बार मध्यप्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री सामान्य से 8 से 10 दिन देरी से होने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश में 25 जून के आसपास मानसून पहुंचने का अनुमान जताया है। तब तक प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहेंगी। शनिवार को भोपाल-इंदौर समेत 29 से अधिक जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
20 जून तक मानसून के संकेत नहीं, तेलंगाना में थमा हुआ है सिस्टम
मौसम विभाग के अनुसार, सामान्य तौर पर मध्यप्रदेश में मानसून 15 जून के आसपास दस्तक देता है, लेकिन इस बार 20 जून तक इसके आने के कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं। मानसून 8 जून से तेलंगाना में रुका हुआ है। यदि अगले एक-दो दिनों में इसकी रफ्तार बढ़ती है, तो यह 25 जून के आसपास मध्यप्रदेश में प्रवेश कर सकता है।
इन जिलों में हुई हल्की से मध्यम बारिश
मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, झाबुआ, रतलाम, नीमच, आगर, राजगढ़, विदिशा, सागर और दमोह जिलों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश दर्ज की गई।
21 जून को इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग ने भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगौन, बड़वानी, अलीराजपुर, धार, इंदौर, देवास, शाजापुर, आगर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडौरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।