भोपाल। मध्यप्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के कई जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है। गुरुवार को भोपाल में सुबह से ही तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। दिनभर गर्मी का असर बना रहा और अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय बनी हुई हैं, लेकिन बढ़ी हुई नमी के कारण लोगों को गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल पा रही है। कई इलाकों में दिनभर चिपचिपी गर्मी का असर देखने को मिला।
खजुराहो रहा सबसे गर्म, कई शहरों में पारा 40 डिग्री के पार
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक छतरपुर जिले के खजुराहो में प्रदेश का सर्वाधिक तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा नौगांव, दतिया और ग्वालियर में भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। लगातार बढ़ते तापमान और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
सामान्य से 94 फीसदी ज्यादा बारिश, फिर भी नहीं मिली राहत
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 18 जून तक भोपाल में सामान्य रूप से 52 मिलीमीटर वर्षा होनी चाहिए थी, जबकि इस अवधि में 100.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है। यह सामान्य से करीब 94 प्रतिशत अधिक है। हालांकि इसके बावजूद शहरवासियों को गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल रही है।
सिवनी और गुना में अच्छी बारिश, कई जिलों में येलो अलर्ट जारी
गुरुवार को सिवनी जिले में 27 मिलीमीटर और गुना में 11 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं मौसम विभाग ने भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इसे देखते हुए कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
भोपाल 37.0 25.2
इंदौर 36.9 25.1
ग्वालियर 40.1 29.5
जबलपुर 38.7 27.8