मध्यप्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आगामी तीन दिनों के दौरान प्रदेश के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके साथ ही कई जिलों में गरज-चमक, बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
भोपाल में दिनभर बादल, शाम को बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से बादल छाए रहने की संभावना है। शाम के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान हवा की गति 14 से 16 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है। भोपाल में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
तेज आंधी और बारिश से मिली राहत
शुक्रवार शाम भोपाल में अचानक मौसम बदल गया। दिनभर गर्मी और उमस के बाद तेज हवाओं और बारिश ने लोगों को राहत दी। कई इलाकों में तेज आंधी के कारण बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही और कुछ समय के लिए बिजली गुल हो गई।
श्योपुर में आंधी से जुड़े हादसों में चार लोगों की मौत
श्योपुर जिले में तेज हवाओं और खराब मौसम के कारण दो अलग-अलग हादसे सामने आए। रजपुरा गांव में दीवार गिरने से एक परिवार के चार सदस्य मलबे में दब गए, जिनमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं जिले में आंधी के दौरान एक ऑटो पलटने से एक महिला की भी जान चली गई।
कई जिलों में बारिश और गरज-चमक की संभावना
मौसम विभाग ने भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, शाजापुर, आगर मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा जिलों में कहीं-कहीं वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।
इन जिलों में ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी
दतिया, भिंड, मुरैना, सिवनी, बालाघाट, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों के लिए विशेष मौसम चेतावनी जारी की गई है। इन क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि होने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, शाजापुर, आगर मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, मंडला, पन्ना, दमोह, सागर, मैहर और पांढुर्णा जिलों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।