भोपाल। 21 जून को आयोजित होने जा रही NEET-UG 2026 परीक्षा को लेकर राजधानी भोपाल में प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा के लिए शहर में कुल 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। वहीं, मेट्रो निर्माण कार्य और परीक्षा के दिन बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की आवाजाही को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है, ताकि परीक्षार्थियों को केंद्र तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
समय से पहले घर से निकलने की सलाह
ट्रैफिक पुलिस ने अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र के लिए पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें। शहर के कई प्रमुख मार्गों पर मेट्रो निर्माण कार्य जारी होने के कारण यातायात प्रभावित हो सकता है। ऐसे में वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
प्रमुख परीक्षा केंद्रों के लिए वैकल्पिक रूट
आनंद नगर परीक्षा केंद्र जाने वाले अभ्यर्थियों को चेतक ब्रिज, गोविंदपुरा, भेल और महात्मा गांधी चौराहा मार्ग से होकर पहुंचने की सलाह दी गई है। वहीं गौतम नगर परीक्षा केंद्र के लिए नादरा बस स्टैंड, अग्रवाल धर्मशाला, छोला गणेश मंदिर और जेपी ब्रिज तिराहा मार्ग को वैकल्पिक रूट के रूप में निर्धारित किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार की वाहन पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त निगरानी की जाएगी।
हेल्पलाइन नंबर जारी
किसी भी प्रकार की समस्या, ट्रैफिक संबंधी जानकारी या सहायता के लिए ट्रैफिक पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
- हेल्पलाइन: 7049104825, 7049104640
- व्हाट्सएप: 7587602055
रिपोर्टिंग टाइम का रखें विशेष ध्यान
एनटीए के निर्देशों के अनुसार परीक्षा केंद्र में प्रवेश का अंतिम समय दोपहर 1:30 बजे निर्धारित किया गया है। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सामान्य अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। वहीं दिव्यांग (PwD) अभ्यर्थियों को नियमानुसार 65 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित
परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, कैलकुलेटर या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने पर अभ्यर्थी को परीक्षा से वंचित किया जा सकता है।
ड्रेस कोड का पालन अनिवार्य
एनटीए ने परीक्षा के लिए निर्धारित ड्रेस कोड का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
क्या पहनें?
- हल्के रंग के साधारण और आरामदायक कपड़े
- चप्पल या कम हील वाले सैंडल
क्या न पहनें?
- मोटे कपड़े
- बड़े बटन वाले वस्त्र
- अधिक जेब वाले कपड़े
- बेल्ट, घड़ी और अन्य आभूषण
- मोटे सोल वाले जूते
प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से परीक्षा के नियमों का पालन करने और समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारू और निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सके।