भोपाल। नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET-UG) 21 जून को आयोजित किया जाएगा। परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए मध्यप्रदेश के सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और जैमर लगाए जा रहे हैं। परीक्षार्थियों को समय की सही जानकारी मिल सके, इसके लिए प्रत्येक केंद्र के बाहर बड़ी घड़ी भी लगाई जाएगी।
भोपाल में परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस और रेलवे विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने गुरुवार को 32 केंद्र प्रभारियों के साथ वन-टू-वन बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने, यातायात प्रबंधन और अभ्यर्थियों की सुविधा से जुड़े मुद्दों पर विशेष चर्चा की गई।
सेंटर के नाम और रास्तों को लेकर दिए गए निर्देश
बैठक में बताया गया कि कई बार दो या तीन परीक्षा केंद्रों के नाम एक जैसे होने के कारण अभ्यर्थियों को भ्रम की स्थिति का सामना करना पड़ता है। ऐसे में केंद्र का नाम और स्थान स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं।
हमीदिया रोड स्थित परीक्षा केंद्रों के आसपास सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों के कारण यातायात प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए पुलिस को ऐसे वाहनों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं पुराने शहर में मेट्रो निर्माण कार्य और बैरिकेडिंग के कारण सेंटर के नाम छिपने की आशंका को देखते हुए दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे।
भोपाल में 13,774 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
इस बार भोपाल में 13 हजार 774 परीक्षार्थी NEET-UG में शामिल होंगे। इसके अलावा छिंदवाड़ा में 4,303, गुना में 1,839, विदिशा में 1,709, नर्मदापुरम में 1,283 और अशोकनगर में 865 अभ्यर्थियों के परीक्षा देने की संभावना है।
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे विभाग ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए इंदौर, भोपाल और रतलाम के बीच एक ट्रिप स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इससे प्रदेश के विभिन्न शहरों से भोपाल आने वाले छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में आसानी होगी।
जानिए ट्रेन का शेड्यूल
गाड़ी संख्या 09354 इंदौर-भोपाल स्पेशल ट्रेन का संचालन 20 जून को किया जाएगा। यह ट्रेन सुबह 11:25 बजे इंदौर से रवाना होगी और फतेहाबाद, बड़नगर, रतलाम, नागदा, उज्जैन, मक्सी, शुजालपुर, सीहोर और बैरागढ़ होते हुए शाम को भोपाल पहुंचेगी।
वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 09353 भोपाल-रतलाम स्पेशल ट्रेन 20 जून की शाम 7:40 बजे भोपाल से रवाना होगी। यह संत हिरदाराम नगर, सीहोर, शुजालपुर, मक्सी, उज्जैन और नागदा होते हुए अगले दिन रात 12:55 बजे रतलाम पहुंचेगी।
परीक्षा को लेकर प्रशासन, पुलिस और रेलवे विभाग संयुक्त रूप से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।