देशभर में रविवार (21 जून) को अंतराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के जबलपुर में गैरिसन ग्राउंड पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और हजारों लोगों के साथ योगाभ्यास किया। राष्ट्रपति को अपने बीच पाकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में राज्यपाल मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा समेत प्रदेश सरकार के कई मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, राकेश सिंह सहित सांसदों, विधायकों और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों ने भी योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
सीएम डॉ.मोहन यादव ने किया राष्ट्रपति का स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के स्वागत के साथ हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। राष्ट्रपति, राज्यपाल, मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया तथा लोगों को नियमित रूप से योग अपनाने का संदेश दिया।
5 हजार लोगों ने एक साथ किया योगाभ्यास
गैरिसन ग्राउंड में आयोजित इस विशाल कार्यक्रम में करीब 5 हजार लोगों ने सामूहिक योग किया। युवाओं, महिलाओं, बच्चों, विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिकों समेत समाज के हर वर्ग की भागीदारी देखने को मिली। बड़ी संख्या में लोगों ने योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प भी लिया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और अधिक गरिमामय बना दिया। विश्व योग दिवस के अवसर पर जबलपुर से पूरे प्रदेश और देश को स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मक जीवन का संदेश दिया गया।
सीएम बोले- योग भारत की अमूल्य धरोहर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। उन्होंने कहा कि योग मानवता के कल्याण के लिए भारत की ओर से दुनिया को दिया गया एक अनमोल उपहार है। योग ने पूरे विश्व को जोड़ने का कार्य किया है और आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को 175 से अधिक देशों का समर्थन प्राप्त है। मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से दैनिक जीवन में योग को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि योग स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का आधार है।