21 जून खगोल विज्ञान में रुचि रखने वालों के लिए खास दिन है। इस दिन उत्तरी गोलार्ध में वर्ष का सबसे लंबा दिन और सबसे छोटी रात होती है। राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को इस खगोलीय घटना के वैज्ञानिक महत्व की जानकारी दी।
ग्रीष्म संक्रांति के पीछे का वैज्ञानिक कारण
सारिका घारू ने बताया कि 21 जून को पृथ्वी का उत्तरी ध्रुव सूर्य की ओर लगभग 23.5 डिग्री झुका होता है। इस स्थिति को वैज्ञानिक भाषा में ग्रीष्म संक्रांति (समर सॉल्सटिस) कहा जाता है। इस दौरान सूर्य की सीधी किरणें कर्क रेखा पर लंबवत पड़ती हैं, जिससे दिन की अवधि पूरे वर्ष में सबसे अधिक हो जाती है।
अब शुरू होगा दक्षिणायन, धीरे-धीरे छोटे होंगे दिन
उन्होंने बताया कि 21 जून के बाद सूर्य की स्थिति दक्षिण की ओर बढ़ने लगती है, जिसे दक्षिणायन कहा जाता है। इसके साथ ही दिन छोटे और रातें लंबी होने लगती हैं। यह मौसम में बदलाव का भी संकेत माना जाता है।
जीरो शैडो डे को लेकर फैली भ्रांतियां भी कीं दूर
कार्यक्रम के दौरान सारिका घारू ने ‘जीरो शैडो डे’ को लेकर लोगों के बीच फैले भ्रम को भी दूर किया। उन्होंने बताया कि यह घटना केवल कर्क रेखा पर स्थित क्षेत्रों में ही संभव होती है। मध्यप्रदेश सहित कर्क रेखा से दक्षिण के इलाकों में यह घटना अप्रैल-मई में हो चुकी होती है, जबकि दिल्ली और जम्मू जैसे उत्तरी शहरों में यह कभी देखने को नहीं मिलती।
पूर्व से पश्चिम तक 32 मिनट का अंतर
मध्यप्रदेश के भौगोलिक विस्तार का असर सूर्योदय और सूर्यास्त के समय पर भी दिखाई दिया। सबसे पहले सूर्योदय सिंगरौली में सुबह 5:12 बजे हुआ, जबकि सबसे देर से सूर्यास्त नीमच में शाम 7:22 बजे दर्ज किया गया। इस तरह प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों के बीच करीब 32 मिनट का अंतर रहा।
प्रमुख जिलों में सूर्योदय, सूर्यास्त और दिन की अवधि
भोपाल — 05:35 बजे / 07:07 बजे — 13 घंटे 34 मिनट
इंदौर — 05:42 बजे / 07:14 बजे — 13 घंटे 32 मिनट
जबलपुर — 05:25 बजे / 06:58 बजे — 13 घंटे 33 मिनट
ग्वालियर — 05:25 बजे / 07:12 बजे — 13 घंटे 47 मिनट
मुरैना — 05:25 बजे / 07:14 बजे — 13 घंटे 48 मिनट
भिंड — 05:19 बजे / 07:09 बजे — 13 घंटे 50 मिनट (प्रदेश में सबसे लंबा दिन)
दतिया — 05:25 बजे / 07:10 बजे — 13 घंटे 45 मिनट
रीवा — 05:16 बजे / 06:56 बजे — 13 घंटे 40 मिनट
सिंगरौली — 05:12 बजे / 06:50 बजे — 13 घंटे 38 मिनट (सबसे पहले सूर्योदय)
उज्जैन — 05:41 बजे / 07:15 बजे — 13 घंटे 34 मिनट
रतलाम — 05:44 बजे / 07:18 बजे — 13 घंटे 34 मिनट
नीमच — 05:44 बजे / 07:22 बजे — 13 घंटे 38 मिनट (सबसे देर से सूर्यास्त)
खरगौन — 05:47 बजे / 07:13 बजे — 13 घंटे 26 मिनट
बुरहानपुर — 05:43 बजे / 07:09 बजे — 13 घंटे 26 मिनट