भोपाल: स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के नतीजों में मध्यप्रदेश को कुल 9 पुरस्कार मिलने की उम्मीद है, लेकिन प्रदेश की राजधानी भोपाल इस बार स्वच्छता पुरस्कारों की दौड़ से बाहर हो गई है। बुधवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार प्रदान करेंगी। इस बार इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर के अलावा बुधनी, देपालपुर, देवास और सागर को भी सम्मानित किया जा सकता है। खास बात यह है कि लगातार सात साल की मेहनत के बाद पिछली बार देश में दूसरे स्थान पर रहा भोपाल इस बार समारोह में आमंत्रित शहरों की सूची में भी शामिल नहीं है। वहीं, इंदौर को सबसे स्वच्छ शहर के साथ स्वच्छ शहर जोड़ी का पुरस्कार मिलने की संभावना है।
स्वच्छता पुरस्कारों की दौड़ से बाहर हुआ भोपाल
स्वच्छ सर्वेक्षण के पिछले संस्करण में 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में भोपाल ने देश में दूसरा स्थान हासिल किया था। इसके लिए नगर निगम ने लगातार सात साल तक स्वच्छता व्यवस्था सुधारने पर काम किया था।हालांकि, इस बार राजधानी को बड़ी श्रेणी के पांच शहरों में जगह नहीं मिली है। भोपाल को राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भी नहीं दिया गया है।इस बार इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर के साथ प्रदेश के अन्य शहरों को सम्मान मिलने की उम्मीद है। वहीं, भोपाल और बैरसिया को समारोह में आमंत्रित नहीं किया गया है।
आदमपुर खंती में 5 लाख टन पुराने कचरे का निपटान नहीं होना बना चुनौती
भोपाल के स्वच्छता मूल्यांकन में पिछड़ने की बड़ी वजह आदमपुर छावनी में जमा करीब 5 लाख टन पुराने कचरे का निपटान नहीं होना माना जा रहा है।आदमपुर खंती में पुराने कचरे के निपटान को लेकर मामला सुप्रीम कोर्ट में भी चल रहा है। बताया जा रहा है कि लंबे समय से जमा कचरे की समस्या का समाधान नहीं होने से शहर की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हुई।
अधिकारियों के मुताबिक, स्वच्छ सर्वेक्षण के दौरान शहरों की वास्तविक स्थिति जांचने के लिए तीन अलग-अलग टीमें आनी थीं। जून-जुलाई में पहली टीम भोपाल पहुंची थी, लेकिन दूसरी टीम के आने का इंतजार होता रहा।अधिकारियों का मानना है कि मूल्यांकन प्रक्रिया में इसका असर शहर की रैंकिंग पर पड़ा।
इंदौर-देपालपुर की जोड़ी को मिल सकता है पुरस्कार
इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण में ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ पहल के तहत भी शहरों को सम्मानित किया जाएगा। इस पहल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बड़े शहरों को छोटे शहरों की स्वच्छता व्यवस्था सुधारने और उन्हें मार्गदर्शन देने की जिम्मेदारी दी गई थी।इसके तहत इंदौर की जोड़ी देपालपुर के साथ बनाई गई थी, जबकि भोपाल की जोड़ी बैरसिया के साथ तय हुई थी।फिलहाल इंदौर और देपालपुर की जोड़ी को पुरस्कार मिलने की संभावना जताई जा रही है। दोनों शहरों को समारोह में शामिल होने का निमंत्रण मिला है।ऐसे में इंदौर को दो श्रेणियों में पुरस्कार मिल सकते हैं। इनमें सबसे स्वच्छ शहर और स्वच्छ शहर जोड़ी का सम्मान शामिल है।
भोपाल नगर निगम ने बैरसिया में भी चलाया था अभियान
स्वच्छ शहर जोड़ी पहल के तहत भोपाल नगर निगम ने बैरसिया में स्वच्छता व्यवस्था सुधारने के लिए कई कदम उठाए थे।मुख्य सड़कों और बाजारों से धूल हटाने के लिए नगर निगम ने अपनी मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनें बैरसिया भेजी थीं। इसके अलावा दुकानदारों को डस्टबिन रखने और घरों में गीला-सूखा कचरा अलग-अलग रखने के लिए थ्री-बिन सिस्टम अपनाने के लिए प्रेरित किया गया था।इस पहल का उद्देश्य छोटे शहरों में भी बड़े शहरों जैसी स्वच्छता व्यवस्था विकसित करना था। हालांकि, इस बार भोपाल-बैरसिया की जोड़ी को पुरस्कार समारोह का निमंत्रण नहीं मिला है।
4751 से ज्यादा शहरों का 43 संकेतकों पर हुआ मूल्यांकन
स्वच्छ सर्वेक्षण का यह 10वां संस्करण है। इसमें देशभर के 4751 से अधिक शहरों का मूल्यांकन किया गया है।नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित पुरस्कार समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहेंगे।इस साल सर्वेक्षण की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल- बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई थी।शहरी निकायों का 10 प्रमुख क्षेत्रों के 43 संकेतकों पर मूल्यांकन किया गया। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं
कचरे का पृथक्करण और घर-घर कचरा संग्रहण।
कचरे का परिवहन और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन।
सार्वजनिक स्थानों और बाजारों की सफाई।
स्वच्छता सुविधाओं तक नागरिकों की पहुंच।
सीवेज प्रबंधन और अपशिष्ट निपटान।
नागरिकों की भागीदारी।
सफाई कर्मचारियों का कल्याण।
3 हजार से ज्यादा मूल्यांकनकर्ताओं ने की जांच
स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत देशभर में 3 हजार से अधिक प्रशिक्षित मूल्यांकनकर्ताओं ने शहरों में पहुंचकर जमीनी स्तर पर स्वच्छता व्यवस्था की जांच की।पूरी मूल्यांकन प्रक्रिया को डिजिटल और GPS आधारित निगरानी से जोड़ा गया था। इसका उद्देश्य शहरों की सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं का वास्तविक आकलन करना था।इस बार शहरों को केवल सफाई के आधार पर ही नहीं, बल्कि कचरे के वैज्ञानिक निपटान, नागरिकों की भागीदारी और सफाई कर्मचारियों के कल्याण जैसे पहलुओं पर भी परखा गया।
मध्यप्रदेश के इन शहरों को मिल सकता है सम्मान
इस बार मध्यप्रदेश को कुल 9 पुरस्कार मिलने की उम्मीद है। इनमें इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, बुधनी, देपालपुर, देवास और सागर शामिल हैं। इंदौर-देपालपुर की जोड़ी को भी अलग श्रेणी में सम्मान मिलने की संभावना है।भोपाल के लिए यह परिणाम इसलिए भी अहम है, क्योंकि पिछले सर्वेक्षण में देश में दूसरा स्थान हासिल करने के बाद इस बार राजधानी पुरस्कारों की दौड़ से बाहर हो गई है।