New Delhi: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस प्रतिवर्ष 8 मार्च को मनाया जाता है। हर साल महिला दिवस पर महिलाओं को खास महसूस कराने के लिए कुछ स्पेशल इवेंट किए जाते हैं, जिसमें बस में मुफ्त यात्रा, पार्लर में फ्री हेयर कट से लेकर और भी कई सुविधाएं दी जाती है। इस बार भी महिला दिवस (International Women's Day) को खास बनाने के लिए बेंगलुरु मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (बीएमटीसी) 8 मार्च को शहर में महिला यात्रियों के लिए मुफ्त बस यात्रा प्रदान करेगा। बीएमटीसी की एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।
मुफ्त मिलेगी यात्रा
विज्ञप्ति के अनुसार, "अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस यानी 08 मार्च 2023 को, बीएमटीसी ने एसी वज्र और वायुवज्र (हवाई अड्डे) सेवाओं सहित अपनी सभी बस सेवाओं में सभी महिला यात्रियों को मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रदान की है।"
ताजमहल में मिलेगी फ्री एंट्री
बता दें कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर ताजमहल और अन्य स्मारकों में महिलाओं को मुफ्त एंट्री मिलेगी। महिलाओं को टिकट नही खरीदना पड़ेगा। सिर्फ ताजमहल ही नही बल्की अन्य स्मारकों में भी महिलाओं के लिए एंट्री फ्री रखी गई है।
8 मार्च को ही क्यों मनाया जाता है महिला दिवस
महिला दिवस 8 मार्च को मनाने की एक खास वजह है। अमेरिका (International Women's Day) में कामकाजी महिलाओं ने 8 मार्च को अपने अधिकारों को लेकर आंदोलन करते हुए मार्च निकाला था। जिसके बाद सोशलिस्ट पार्टी ने इस दिन महिला दिवस मनाने का एलान किया। बाद में 1917 में पहले विश्व युद्ध के दौरान रूस की महिलाओं ने ब्रेड और पीस के लिए हड़ताल किया। बाद में सम्राट निकोलस ने अपना पद त्याग दिया और महिलाओं को मतदान का अधिकार मिला। ये देख यूरोप की महिलाओं ने भी कुछ दिन बाद 8 मार्च को पीस ऐक्टिविस्ट्स का समर्थन करते हुए रैलियां निकाली। इस कारण 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाने की शुरुआत हो गई। बाद में 1975 में संयुक्त राष्ट्र ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को मान्यता दे दी।
Comments (0)