मुंबई/कोटा: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के बाद फरार हुए तीन संदिग्धों को राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से हिरासत में लिया गया। पुलिस के मुताबिक, तीनों जयपुर और दिल्ली के रास्ते नेपाल भागने की तैयारी में थे। मुंबई पुलिस से सूचना मिलने के बाद कोटा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया।
कोटा की एसपी तेजस्विनी गौतम के अनुसार, तीनों संदिग्ध पुणे-जयपुर एक्सप्रेस से जयपुर जा रहे थे। उन्हें सुबह करीब 10:30 बजे ट्रेन के जनरल कोच से हिरासत में लिया गया। पुलिस को उनके पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है। पकड़े गए संदिग्धों में दो हरियाणा और एक बिहार का रहने वाला है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद फरार हुए थे आरोपी
जानकारी के मुताबिक, रविवार देर रात मुंबई में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की गई थी। घटना के बाद आरोपी मुंबई से फरार हो गए और राजस्थान के रास्ते नेपाल जाने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की और मुंबई पुलिस से मिली सूचना के आधार पर कोटा रेलवे स्टेशन पर उन्हें पकड़ लिया।पुलिस के अनुसार, फायरिंग के बाद संदिग्ध एसवी रोड से विले पार्ले और अंधेरी की ओर भागे थे। इसके बाद उन्होंने अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास अपनी बाइक छोड़ दी और ट्रेन में सवार हो गए। पुलिस ने बाइक बरामद कर ली थी।
दो हरियाणा और एक बिहार का रहने वाला
राजस्थान पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए तीन संदिग्धों में हरियाणा के सोनीपत का रेहान और बिहार के बेगूसराय का ऋतिक कुमार उर्फ रोशन शामिल हैं। तीसरा संदिग्ध नाबालिग बताया गया है।पुलिस अब तीनों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि फायरिंग की साजिश कैसे रची गई, आरोपियों को किसने निर्देश दिए और इस मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित पर कॉन्ट्रैक्ट देने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, लॉरेंस गैंग से जुड़े अनिल पंडित ने कथित तौर पर हमले का कॉन्ट्रैक्ट दिया था। अनिल ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर घटना की जिम्मेदारी भी ली है। पुलिस इस दावे और हमले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।फिलहाल, पुलिस की जांच का मुख्य फोकस फायरिंग के पीछे की वजह, कथित साजिश और आरोपियों के नेटवर्क का पता लगाना है।
10 दिन से टाइगर श्रॉफ पर नजर रख रहे थे संदिग्ध
मुंबई पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, आरोपी करीब 10 दिनों से टाइगर श्रॉफ की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। उन्होंने कथित तौर पर उनके घर और जिम की रेकी भी की थी। फायरिंग से पहले करीब 45 मिनट तक इलाके की जानकारी जुटाने की बात सामने आई है।
फायरिंग में टाइगर और ड्राइवर को लगी चोट
फायरिंग की घटना में टाइगर श्रॉफ को गोली नहीं लगी, लेकिन उनके बाएं हाथ में बारूद और कांच के टुकड़ों से चोट आई है। अभिनेता के ड्राइवर को भी चोट लगने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हमले की पूरी कड़ी जोड़ने और इस वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।